
दमोह/हटा: नगर के शिव शक्ति दुर्गा मंदिर प्रांगण में 20 जून से 28 जून तक आयोजित होने वाली नौ दिवसीय श्रीमद् देवी भागवतम कथा एवं शिव परिवार प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। विधायक परिवार के तत्वावधान में जय जय सरकार की असीम कृपा एवं पूजनीय छोटे सरकार के निर्देशन में होने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर बुधवार को मंदिर परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में हटा विधायक उमा देवी खटीक सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।
बैठक में आयोजन की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक के निज सचिव जितेंद्र प्यासी ने बताया कि आयोजन का शुभारंभ 20 जून को नगर में भव्य शोभायात्रा के साथ होगा। शोभायात्रा मां चंडी जी मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर रतन बजरिया, बड़ा बाजार, मंदिर-मस्जिद चौराहा और राय चौराहा होते हुए कथा स्थल तक पहुंचेगी। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि श्रीमद् देवी भागवतम कथा पुराण का वाचन जगद्गुरु श्री अग्रमलूक पीठाधीश्वर राजेंद्र दास जी महाराज के कृपापात्र श्रीगुरुचरण दास जी महाराज द्वारा किया जाएगा। कथा का नियमित आयोजन प्रतिदिन शाम 4:30 बजे से होगा। इसके अलावा 23, 24 और 25 जून को रात्रि 8 बजे से लक्ष्यार्चन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं 27 जून को शिव परिवार की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न होगी।
धार्मिक आयोजन के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम की भी विशेष रूप से व्यवस्था की गई है। रात्रिकालीन भजन संध्या के तहत 22 जून को स्थानीय कलाकारों द्वारा दी जाएगी। 26 जून को भजन गायक गायक ‘बादल’, 27 जून को जबलपुर के मनीष अग्रवाल, 28 जून को कटनी के नंदू भैया और 29 जून को प्रसिद्ध भजन गायक शहनाज अख्तर अपनी प्रस्तुति देंगे।
बैठक में आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन भी किया गया। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक गिरीश खटीक ने नगरवासियों से आयोजन में सहयोग और सहभागिता की अपील की। विधायक उमा देवी खटीक ने बताया कि कार्यक्रम में प्रदेश और देश के विभिन्न क्षेत्रों से साधु-संतों के अलावा मंत्री, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। उन्होंने नगरवासियों से इस धार्मिक आयोजन में सहभागिता करने का आग्रह किया।
बैठक में बालाजी सरकार मंदिर के महंत हरिराम जी महाराज, ब्राह्मण समाज अध्यक्ष पंडित महेश पुरानी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिवचरण पटेल, लालचंद खटीक, पंडित लक्ष्मी प्रसाद शास्त्री, मंडल अध्यक्ष सौरभ नेमा, डॉ. मनोज तिवारी, सोमेश चौरसिया, सुरेंद्र अग्रवाल, सुनील राय, भोले सराफ, अंकुश खटीक, रमाकांत सराफ, सोमिल हजारी, कैलाश बाबा, राजीव मोहन पांडे, हरिशंकर साहू, घनश्याम प्रजापति सहित बड़ी संख्या में सामाजिक और धार्मिक क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में मनीष पुष्पराज शर्मा द्वारा आभार व्यक्त किया गया।
- hata-shrimad-devi-bhagwat-katha-shiv-parivar-pran-pratishtha-preparations-damoh










