
छतरपुर: शहर में जर्जर और खतरनाक हो चुके भवनों में रह रहे लोगों को प्रशासन ने अंतिम चेतावनी जारी की है। तहसीलदार दुर्गश तिवारी और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से ऐसे भवनों में निवास कर रहे लोगों को दो दिन के भीतर मकान खाली करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद भी यदि भवन खाली नहीं किए गए तो बलपूर्वक कार्रवाई करते हुए लोगों को बाहर निकाला जाएगा और संबंधित भवनों को ध्वस्त कर दिया जाएगा।
प्रशासन के अनुसार संबंधित भवन अत्यधिक जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पहुंच चुके हैं और किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। लगातार बारिश और मौसम में बदलाव के चलते इन भवनों की स्थिति और अधिक कमजोर हो गई है, जिससे वहां रहने वाले लोगों की जान को खतरा पैदा हो सकता है। इसी को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर यह कार्रवाई की जा रही है।
तहसीलदार दुर्गेश तिवारी और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर भवनों का निरीक्षण किया तथा रहवासियों को अंतिम नोटिस की जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि लोगों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए भवनों को जल्द खाली कराया जाना जरूरी है।
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि दो दिन की समय-सीमा समाप्त होने के बाद यदि कोई व्यक्ति भवन खाली नहीं करता है तो प्रशासनिक अमला पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई करेगा। इसके बाद भवनों को खाली कराकर नियमानुसार ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
ये भी पढ़े – छतरपुर: अक्टोहा तिराहा हत्याकाण्ड में पुलिस को बड़ी सफलता, ₹10,000 के इनामी दो और आरोपी गिरफ्तार
- chhatarpur-dangerous-buildings-final-notice-pwd-tehsildar-action










