
इंदौर, 4 अक्टूबर 2026: इंदौर में नगर निगम के सफाईकर्मियों ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की है। न्यू राम नगर क्षेत्र में एक महिला का सोने का मंगलसूत्र गलती से घर के कचरे के साथ कचरा वाहन में चला गया। महिला के सूचना देने के बाद सफाईकर्मियों ने कचरे के ढेर में तलाश शुरू की और मंगलसूत्र खोजकर सुरक्षित महिला को वापस सौंप दिया।
कचरे के साथ चला गया था मंगलसूत्र
जानकारी के मुताबिक, न्यू राम नगर क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के दौरान महिला ने गीला और सूखा कचरा कचरा वाहन में डाला था। इसी दौरान उनका सोने का मंगलसूत्र भी गलती से कचरे के साथ चला गया।
कचरा वाहन इलाके से कचरा एकत्र करने के बाद संगमनगर स्थित कचरा ट्रांसफर स्टेशन पहुंचा। वहां वाहन से कचरा खाली भी कर दिया गया। बाद में महिला को मंगलसूत्र के कचरे के साथ चले जाने की जानकारी हुई। इसके बाद वह ट्रांसफर स्टेशन पहुंची और कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी।
यह भी पढ़े: आज शाह के साथ मोहन यादव का व्यस्त कार्यक्रम, न्याय संहिता प्रदर्शनी से IISER शिलान्यास तक
सफाईकर्मियों ने कचरे में शुरू की तलाश
महिला की सूचना को गंभीरता से लेते हुए कचरा वाहन के चालक मोहित चौहान, हेल्पर हेमंत राजकुमार और ट्रांसफर स्टेशन पर तैनात कर्मचारी अमर और गोविंद ने तलाश शुरू की।
कर्मचारियों ने न्यू राम नगर से आए कचरे के बीच काफी सावधानी से मंगलसूत्र खोजा। कचरे की छंटाई के बीच काफी प्रयास के बाद उन्हें महिला का सोने का मंगलसूत्र मिल गया।
मंगलसूत्र मिलने के बाद कर्मचारियों ने उसे सुरक्षित तरीके से महिला को सौंप दिया। अपना मंगलसूत्र वापस मिलने पर महिला ने नगर निगम के कर्मचारियों का आभार जताया और उनकी ईमानदारी, तत्परता तथा कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।
इंदौर में सफाईकर्मियों द्वारा कचरे के बीच से कीमती सामान खोजकर लौटाने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी शहर में कचरे के साथ गलती से चली गई कीमती वस्तु को नगर निगम कर्मचारियों ने तलाशकर संबंधित परिवार को वापस किया था।
- indore-mangalsutra-found-in-garbage








