
दमोह: कोतवाली थाना क्षेत्र के सिविल वार्ड स्थित शोभानगर में एक सूने मकान से करीब 2 लाख 70 हजार रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब मकान मालिक खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए बाहर गए हुए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, शोभानगर निवासी आकाश चौरसिया ऑटो चालक हैं और अकेले रहते हैं। वह तीन दिन पहले खाटू श्याम जी के दर्शन करने गए थे। शुक्रवार सुबह लौटने के दौरान उन्हें मोहल्ले के लोगों ने फोन कर बताया कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है।
सूचना मिलने पर आकाश चौरसिया सीधे घर पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था, अलमारी खुली हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी में रखे करीब 2 लाख 70 हजार रुपये गायब थे। घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली, जिसमें तीन संदिग्ध युवक मोहल्ले में घूमते हुए दिखाई दिए हैं।
कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
- khaatu-shyam-darshan-gaye-yuvak-ke-ghar-2-70-lakh-ki-chori-damoh








