
टीकमगढ़/ धर्मेंद्र सिंह लोधी: मध्य प्रदेश पटवारी संघ के आह्वान पर खरगापुर में पटवारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल के पहले दिन पटवारियों ने अपने बस्ते तहसील कार्यालय में जमा कर कार्य का बहिष्कार किया। संघ का कहना है कि मांगों का समाधान होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
वर्षों से लंबित मांगों को लेकर आंदोलन
पटवारी संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से विभिन्न मांगों के समाधान के लिए शासन का ध्यान आकर्षित किया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। उनका आरोप है कि लगातार उपेक्षा के कारण पटवारी संवर्ग स्वयं को शोषित और उपेक्षित महसूस कर रहा है।
मुख्यमंत्री के आश्वासन का किया उल्लेख
संघ के अनुसार, पूर्व में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पटवारी महाधिवेशन का निमंत्रण दिया गया था। उस दौरान नवंबर 2025 में महाधिवेशन के लिए समय देने और तिथि अलग से तय करने का आश्वासन मिला था, लेकिन अब तक न तो महाधिवेशन आयोजित हुआ और न ही लंबित मांगों पर कोई आदेश जारी किया गया।
ये हैं पटवारी संघ की प्रमुख मांगें
पटवारी संघ ने शासन के सामने कई मांगें रखी हैं, जिनमें प्रमुख रूप से:
- लंबित कैडर रिव्यू प्रस्ताव को तत्काल लागू किया जाए।
- पदोन्नति से वंचित पटवारियों को शीघ्र पदोन्नति दी जाए।
- कैडर रिव्यू लागू होने तक समयमान वेतनमान का लाभ प्रदान किया जाए।
- नायब तहसीलदार पद के लिए विभागीय परीक्षा नियमित रूप से आयोजित की जाए।
मांगें पूरी होने तक जारी रहेगी हड़ताल
पटवारी संघ का कहना है कि उनकी सभी मांगें न्यायसंगत हैं और शासन को इन पर शीघ्र निर्णय लेना चाहिए। संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। इससे राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित होने की संभावना है।
यह भी पढ़े: खाद चोरी के दौरान विवाद में युवक की हत्या: 7 दिन बाद एक आरोपी गिरफ्तार
- khargapur-patwari-indefinite-strike-tehsil-office-tikamgarh








