
सार
माखननगर तहसील परिसर में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आदिवासी समुदाय के लोगों ने धरना-प्रदर्शन किया। तेज बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी धरना स्थल पर डटे रहे। प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से जयस के पदाधिकारी भी प्रदर्शन में शामिल हुए। लिखित आश्वासन नहीं मिलने पर प्रदर्शनकारियों ने हाईवे जाम कर दिया। बाद में एसडीएम, एसडीओपी और रेंजर ने मौके पर पहुंचकर 15 दिन में समस्याओं के समाधान का लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त किया गया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि आश्वासन के मुताबिक कार्रवाई नहीं हुई तो इससे बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
विस्तार
नर्मदापुरम जिले के माखननगर में आदिवासी समुदाय ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। मंगलवार को आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए। तेज बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारी धरना स्थल पर डटे रहे और अपनी मांगों को लेकर प्रशासन से लिखित आश्वासन की मांग करते रहे।
प्रदर्शन में प्रदेश के अन्य क्षेत्रों से जयस के प्रदेश स्तर के पदाधिकारी भी पहुंचे। उन्होंने धरना स्थल पर मौजूद आदिवासी समुदाय के लोगों को संबोधित किया। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर शक्ति प्रदर्शन किया और प्रशासन से जल्द समाधान की मांग रखी।
बताया गया कि प्रदर्शनकारी रैली निकालकर धरना समाप्त करने की तैयारी में थे, लेकिन लिखित आश्वासन नहीं मिलने के कारण उन्होंने हाईवे पर बैठकर जाम कर दिया। इसके बाद प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की।
यह भी पढ़े: भोपाल में ओवैसी ने BJP विधायक रामेश्वर शर्मा को दी चुनौती, बोले- ‘मिसाइल कब गिराओगे, बताओ’
एसडीएम, एसडीओपी और रेंजर धरना स्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए 15 दिन के भीतर समाधान का लिखित आश्वासन दिया। लिखित आश्वासन मिलने के बाद आदिवासियों ने धरना समाप्त कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए व्यापक पुलिस बल तैनात किया था। मौके पर एडीएम, एसडीएम, एसडीओपी, रेंजर, तहसीलदार और थाना प्रभारी सहित नर्मदापुरम, रायसेन, बैतूल और हरदा जिलों से पुलिस बल मौजूद रहा।
धरना समाप्त करते हुए प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि 15 दिन के भीतर दिए गए लिखित आश्वासन के अनुसार कार्रवाई नहीं हुई तो वे दोबारा आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि इस बार मांगें पूरी नहीं हुईं तो इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसके लिए प्रशासन को तैयार रहना होगा।
- makhan-nagar-tribal-protest-jays-demand-written-assurance-15-days








