
राजू सूरसिंह राठौड़ | बुरहानपुर/नेपानगर, 5 अक्टूबर 2026: नेपानगर नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 11 में अमृत-2 योजना के तहत बनाए गए ग्रीन स्पेस पार्क के निर्माण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। करीब 35 लाख रुपये की लागत से तैयार किए गए पार्क की गुणवत्ता और निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं को लेकर नगर पालिका उपाध्यक्ष सरला प्रवीण काटकर ने नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, भोपाल के आयुक्त को लिखित शिकायत भेजी है। शिकायत में पूरे निर्माण कार्य की जांच कराने की मांग की गई है।
इस पार्क को लेकर इससे पहले भी जलभराव और निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठ चुके हैं। जून 2026 में सामने आई एक रिपोर्ट में करीब 33.80 लाख रुपये की लागत वाले इसी अमृत-2 ग्रीन स्पेस पार्क में बारिश से पहले जलभराव की समस्या की बात कही गई थी।
झूले और खेल उपकरणों की गुणवत्ता पर भी सवाल
नगर पालिका उपाध्यक्ष की शिकायत के मुताबिक पार्क निर्माण में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पर्याप्त पालन नहीं किया गया। बच्चों के लिए लगाए गए झूलों और खेल उपकरणों के साथ व्यायाम उपकरणों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए हैं।
शिकायत में पार्क परिसर में जगह-जगह गड्ढे होने का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा ठेकेदार द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार वृक्षारोपण नहीं किए जाने की बात भी कही गई है। शिकायतकर्ता का कहना है कि सार्वजनिक धन से तैयार किए जा रहे पार्क में निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पालन होना जरूरी है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी स्थानीय स्तर पर पार्क की भूमि के समतलीकरण और जल निकासी व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे। एक रिपोर्ट के अनुसार, बारिश के दौरान पार्क के कुछ हिस्सों में पानी जमा होने की स्थिति सामने आई थी।
यह भी पढ़े: भोपाल में 6 अक्टूबर को CM Youth Conclave, 20 हजार युवाओं से संवाद करेंगे मोहन यादव
बाइट: प्रवीण काटकर
20 लाख भुगतान का दावा, जांच टीम के निरीक्षण का इंतजार
शिकायत में निर्माण कार्य से जुड़े भुगतान को लेकर भी जानकारी दी गई है। नगर पालिका उपाध्यक्ष के अनुसार, ठेकेदार रितेश पाटिल को अब तक करीब 20 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है, जबकि लगभग 13 लाख रुपये का भुगतान शेष बताया गया है।
शिकायत में ठेकेदार को नगर पालिका अध्यक्ष के पति का कथित संरक्षण मिलने का आरोप भी लगाया गया है। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित पक्ष का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
शिकायत भोपाल पहुंचने के बाद अब जांच की उम्मीद बढ़ गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार, आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की ओर से आगामी 15 से 20 दिनों में जांच टीम भेजकर पार्क का निरीक्षण कराने का आश्वासन दिया गया है।
अब प्रस्तावित जांच पर सभी की नजर है। यदि जांच में निर्माण की गुणवत्ता, तकनीकी प्रक्रिया या वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित जिम्मेदारों पर नियमानुसार कार्रवाई का रास्ता खुल सकता है।
- nepanagar-amrut-2-green-space-park









