
शिवपुरी/ कुलदीप शर्मा: जिले के पोहरी में खाद की कमी और टोकन वितरण में कथित अव्यवस्था को लेकर सोमवार सुबह किसानों का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। खाद नहीं मिलने से नाराज किसानों ने आईटीआई के पास शिवपुरी-श्योपुर हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
कई दिनों से खाद के लिए भटक रहे किसान
प्रदर्शन कर रहे किसानों का आरोप है कि वे कई दिनों से खाद लेने के लिए केंद्रों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन न तो उन्हें टोकन मिल रहे हैं और न ही खाद का वितरण हो पा रहा है। किसानों का कहना है कि खेती के इस महत्वपूर्ण समय में खाद की अनुपलब्धता से बुवाई और फसलों की उत्पादकता प्रभावित होने की आशंका है। इसी परेशानी के चलते उन्होंने हाईवे पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया।
पुलिस ने समझाइश देकर खुलवाया जाम
चक्काजाम की सूचना मिलते ही पोहरी थाना प्रभारी रवि चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासन से वार्ता का भरोसा दिलाया। समझाइश के बाद करीब एक घंटे में किसानों ने जाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद शिवपुरी-श्योपुर हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका।
बैठक के बाद स्थिति स्पष्ट करने का आश्वासन
किसानों के अनुसार प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया है कि सोमवार दोपहर प्रस्तावित बैठक के बाद खाद के टोकन वितरण और खाद की उपलब्धता को लेकर स्थिति स्पष्ट की जाएगी। अधिकारियों ने जल्द समाधान का भरोसा भी दिया है।
दोबारा आंदोलन की चेतावनी
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि आश्वासन के बावजूद समय पर खाद उपलब्ध नहीं कराई गई तो वे फिर से चक्काजाम कर उग्र आंदोलन करेंगे। उनका कहना है कि समय पर खाद नहीं मिलने से खेती का पूरा चक्र प्रभावित हो सकता है, जिसका सीधा असर उत्पादन पर पड़ेगा।
यह भी पढ़े: खाद चोरी के दौरान विवाद में युवक की हत्या: 7 दिन बाद एक आरोपी गिरफ्तार
- pohri-farmers-highway-block-over-fertilizer-shortage-shivpuri










