
रायसेन/दीपक श्रीवस्ताव की रिपोर्ट: कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कृषि विभाग द्वारा जिले के कृषि रोडमैप को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने की। इस बैठक में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, सहकारिता, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और जिले में कृषि विकास से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए सभी विभागों द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक समय पर और सुगमता से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि कृषि रोडमैप के अनुसार जिले में जैविक खेती, उद्यानिकी और नकदी फसलों को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने कृषि अधिकारियों और कृषि वैज्ञानिकों से कहा कि किसानों को मिट्टी की गुणवत्ता, जलवायु परिस्थितियों और जल उपलब्धता के आधार पर वैज्ञानिक तरीके से फसल चयन के लिए जागरूक किया जाए। कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि खेती में आधुनिक तकनीकों और कृषि यंत्रों के उपयोग को बढ़ावा देकर उत्पादन क्षमता में वृद्धि सुनिश्चित की जाए, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके।
बैठक में सभी संबंधित विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे और कृषि विकास की भविष्य की योजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
ये भी पढ़े – अलीगंज से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की शुरुआत, मां नर्मदा घाट पर हुआ पौधारोपण व स्वच्छता अभियान
- raisen-collector-arun-vishwakarma-agriculture-roadmap-meeting-farmers-income








