
रायसेन/सांची: मेरा युवा भारत रायसेन द्वारा सांची विकासखंड अंतर्गत सांची पुलिस स्टेशन में “सामुदायिक पुलिसिंग एवं पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली” विषय पर अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली, कानून व्यवस्था के महत्व तथा समाज में पुलिस की भूमिका से अवगत कराना था।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी जेपी त्रिपाठी ने प्रतिभागियों को थाना स्तर पर संचालित विभिन्न कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि कानून एवं व्यवस्था समाज की शांति, सुरक्षा और विकास की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, आपातकालीन सहायता तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य करता है। प्रतिभागियों को थाना परिसर का भ्रमण कराते हुए शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया, साइबर अपराध से बचाव, आपातकालीन सेवाओं तथा जनसहयोग आधारित पुलिसिंग प्रणाली की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस केवल कानून लागू करने वाली संस्था नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सहायता और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर सहयोगी संस्था भी है।
कार्यक्रम में सामुदायिक पुलिसिंग के महत्व पर चर्चा करते हुए मेरा युवा भारत की डिप्टी डायरेक्टर श्रीमती मोनिका चौधरी और समिति सदस्य जीतू ठाकुर ने कहा कि पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर समन्वय से अपराधों की रोकथाम, सामाजिक सौहार्द और सुरक्षित वातावरण को बढ़ावा मिलता है। युवाओं से सामुदायिक पुलिसिंग गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता कर समाज में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में योगदान देने की अपील की गई। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को निकट से समझने के अवसर को उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।
ये भी पढ़े – रायसेन: नशा मुक्त भारत अभियान के तहत मास्टर वालंटियर प्रशिक्षण आयोजित
- raisen-sanchi-police-station-community-policing-experiential-learning-program









