
सागर: जिले में फर्जी दस्तावेजों के जरिए 18.50 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। दमोह निवासी घनश्याम रैकवार ने बैंक की फर्जी स्लिप, नकली सील और जाली हस्ताक्षर का उपयोग कर मणप्पुरम फाइनेंस कंपनी को चूना लगा दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने गोल्ड लोन बैलेंस ट्रांसफर के नाम पर मणप्पुरम फाइनेंस की गोपालगंज शाखा से संपर्क किया। उसने दावा किया कि उसका गोल्ड लोन ESAF स्मॉल फाइनेंस बैंक में चल रहा है और उसे ट्रांसफर करवाना है। आरोपी ने बैंक की फर्जी गोल्ड लोन स्लिप भी प्रस्तुत की, जिसमें मैनेजर के नकली हस्ताक्षर और सील लगी हुई थी।दस्तावेजों को सही मानते हुए फाइनेंस कंपनी ने 24 मार्च को 18.50 लाख रुपये आरोपी के बताए खाते में ट्रांसफर कर दिए। पैसे मिलने के बाद आरोपी यह कहकर चला गया कि वह बैंक से सोना लाकर जमा करेगा, लेकिन इसके बाद मोबाइल बंद कर फरार हो गया।बाद में जब कंपनी ने ESAF बैंक से संपर्क किया तो पता चला कि घनश्याम रैकवार के नाम से कोई लोन खाता ही नहीं है और स्लिप पूरी तरह फर्जी है।
शिकायत के आधार पर गोपालगंज थाना पुलिस ने धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फर्जी दस्तावेज और सील कहां से तैयार कराई गई।
ये भी पढ़े – सागर: आर्ट एंड कॉमर्स कॉलेज के वार्षिक उत्सव में पहुंचे मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित
- sagar-fake-gold-loan-scam-18-5-lakh-accused-absconding









