
सार
मनीष कुमार चौबे|सागर नगर पालिक निगम में शासन द्वारा मनोनीत 8 एल्डरमैन का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। अपर कलेक्टर अविनाश रावत ने सभी नवनियुक्त एल्डरमैन को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में विधायक शैलेंद्र कुमार जैन, महापौर संगीता सुशील तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी सहित जनप्रतिनिधि और निगम अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान सागर को स्वच्छ, सुंदर, हरित और सुव्यवस्थित शहर बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया गया।
विस्तार
सागर (मप्र)। नगर पालिक निगम सागर में नवनियुक्त एल्डरमैन यानी मनोनीत पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में क्षेत्रीय विधायक शैलेंद्र कुमार जैन, महापौर संगीता सुशील तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, अपर कलेक्टर अविनाश रावत और निगमायुक्त राजकुमार खत्री सहित परिषद के पार्षद, पार्टी पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
समारोह के दौरान अपर कलेक्टर अविनाश रावत ने शासन द्वारा मनोनीत सभी 8 एल्डरमैन को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने वालों में सुबोध पाराशर, महेश जैन, श्रीमती आशालता सिलाकारी, अभिषेक अंकुर चौरसिया, धर्मेंद्र रजक, विवेक सोधिया, जुगल प्रजापति और राजेंद्र ठाकुर शामिल हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने सभी नवनियुक्त एल्डरमैन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से समाज के विभिन्न वर्गों और क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया गया है। विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी लोगों के नगर निगम से जुड़ने से निगम की कार्यप्रणाली को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सागर को स्वच्छ, सुंदर और हरियाली से परिपूर्ण बनाने का संकल्प सामूहिक प्रयासों से ही पूरा किया जा सकता है।
विधायक जैन ने नवनियुक्त एल्डरमैन से जनता की समस्याओं और सुझावों को नगर निगम प्रशासन तक पहुंचाने में प्रभावी माध्यम बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और निगम प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से शहर के विकास कार्यों को गति दी जा सकती है।
महापौर संगीता सुशील तिवारी ने नवनियुक्त सदस्यों से उनकी जिम्मेदारियों को प्राथमिकता के साथ निभाने की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयास और एल्डरमैन के अनुभवों के समन्वय से सागर को विकसित और सुव्यवस्थित शहर बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि विधायक और संगठन की मंशा समाज के सभी वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व देने की रही है। उन्होंने नवनियुक्त एल्डरमैन से जनहित को सर्वोपरि रखते हुए सरकार और आम जनता के बीच मजबूत सेतु की भूमिका निभाने का आग्रह किया।
निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने कहा कि मनोनीत पार्षदों को किसी एक वार्ड तक सीमित न रहकर पूरे शहर के विकास में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा एल्डरमैन के लिए आवंटित पार्षद निधि का उपयोग शहर के सभी 48 वार्डों की आवश्यकता के अनुसार जनहित से जुड़े कार्यों में किया जा सकेगा।
समारोह के अंत में भाजपा पार्षद दल के सचेतक एवं एमआईसी सदस्य शैलेंद्र ठाकुर ने अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, निगम अधिकारियों और उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट रिशांक तिवारी, एमआईसी सदस्य, पार्षदगण, पार्टी पदाधिकारी और नवनियुक्त एल्डरमैन के परिवारजन भी उपस्थित रहे।
- sagar-municipal-corporation-8-new-aldermen-oath-ceremony








