
सार
मनीष कुमार चौबे|सागर कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने अभियान की रूपरेखा की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को विभागवार जिम्मेदारियां सौंपीं। अभियान के दौरान बूथ स्तर पर दीप प्रज्वलन, शासकीय कार्यालयों में सफाई एवं श्रमदान, स्कूल-कॉलेजों में चित्रकला व भाषण प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक तथा आंगनवाड़ी केंद्रों पर पोषण एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
विस्तार
सागर (मप्र)। आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की प्रशासनिक तैयारियों को लेकर सागर कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने की। उन्होंने अभियान की रूपरेखा और विभागों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलास्तरीय अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं।
सेवा संकल्प अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में आयोजित किया जा रहा है। कलेक्टर ने कहा कि अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना, रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से समाज को जोड़ना और जनसेवा की भावना को और मजबूत करना है।
अभियान के तहत ग्राम पंचायत स्तर से लेकर जिला स्तर तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक बूथ पर दीप प्रज्वलन की व्यवस्था की जाएगी। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी जनपद पंचायतों के सीईओ और नगरीय निकायों के सीएमओ को सौंपी गई है।
जनसेवा की भावना के साथ स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए सभी शासकीय विभागों के कार्यालयों में सफाई अभियान और श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्कूलों और कॉलेजों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। इसके अलावा जनजागरूकता के लिए विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा।
पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए आंगनवाड़ी केंद्रों पर विशेष कार्यक्रम होंगे। इन कार्यक्रमों में बच्चों के साथ उनकी माताओं को भी अनिवार्य रूप से आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि परिवार स्तर पर पोषण और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को बढ़ाया जा सके।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और प्रभावी तरीके से अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विधानसभावार हितग्राहियों की सूची तैयार की जाए। साथ ही, पूरे अनुविभाग में अभियान से जुड़ी व्यवस्थाओं, कार्यक्रमों के सुचारू संचालन और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय के लिए संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान की तिथिवार कार्ययोजना तैयार करने और सौंपे गए दायित्वों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अभियान की तैयारियों और निर्धारित समय-सीमा में किए गए कार्यों की समीक्षा भी की जाएगी।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गोमे, सिटी मजिस्ट्रेट शैलेश द्विवेदी, डिप्टी कलेक्टर संजय जैन सहित सभी जिला अधिकारी मौजूद रहे। वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
- sagar-seva-sankalp-abhiyan-collector-pratibha-pal-meeting








