
सागर/ मनीष कुमार चौबे: जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा आमजन को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस कंट्रोल रूम, सागर में पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया की अध्यक्षता में व्यापक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारियों ने भाग लिया।
गिरफ्तारी वारंटों की प्रभावी तामील के निर्देश
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी सहित पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में जिले के सभी थानों की कार्यप्रणाली की बिंदुवार समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने लंबित अपराधों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण, गंभीर मामलों की वैज्ञानिक और समयबद्ध विवेचना, फरार एवं इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी तथा स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटों की प्रभावी तामील के निर्देश दिए।
कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश
यह भी पढ़े: खजुराहो: ASI के दो अधिकारियों पर बिजली चोरी का आरोप, विद्युत विभाग की छापेमार कार्रवाई
एसपी अनुराग सुजानिया ने महिला एवं बाल अपराधों में त्वरित कार्रवाई, संगठित एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई तथा कानून व्यवस्था की सतत निगरानी पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक मामले में संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निराकरण
बैठक के दौरान जनसुनवाई एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निराकरण, साइबर अपराधों की रोकथाम, अवैध मादक पदार्थों, अवैध शराब, जुआ, सट्टा तथा अन्य असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा रात्रि गश्त, कॉम्बिंग गश्त को अधिक प्रभावी बनाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पुलिस उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सागर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रत्येक शिकायत और अपराध को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ लिया जाए तथा पीड़ित-केंद्रित और जवाबदेह पुलिसिंग को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बनाए रखना, अपराधियों में कानून का भय कायम करना और आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण मजबूत करना सागर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक के अंत में एसपी अनुराग सुजानिया ने सभी अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए उत्कृष्ट पुलिसिंग, प्रभावी अपराध नियंत्रण और जनविश्वास को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में प्रतिबद्ध होकर काम करने का आह्वान किया।
- sagar-sp-anurag-sujania-crime-review-meeting-quality-policing











