
सीहोर: जिले के भैरूंदा क्षेत्र के छीपानेर गांव से सामने आए एक वीडियो ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। वायरल वीडियो में कुछ लोग गोवंश को उफनती नर्मदा नदी के गहरे पानी की ओर हांकते और धकेलते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और न ही प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि की गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश के मौसम में बड़ी संख्या में आवारा गोवंश खेतों में पहुंचकर खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं। किसानों का कहना है कि फसलों को बचाने के लिए वे पशुओं को खेतों से दूर भगाते हैं। इसी दौरान कुछ लोग उन्हें नदी किनारे तक ले जाते हैं और नदी की ओर हांक देते हैं। ग्रामीणों का दावा है कि यह प्रक्रिया वर्षों से चली आ रही है तथा अधिकांश पशु बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद वापस लौट आते हैं। हालांकि, वायरल वीडियो के बाद इस तरीके को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
ये भी पढ़े – सीहोर: नियम सिखाने वाले स्टेशन मास्टर ने ही पार किया रेलवे ट्रैक, वीडियो सामने आने के बाद उठे सवाल
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे पशु क्रूरता बताते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय धार्मिक और सामाजिक संगठनों ने भी घटना पर आपत्ति जताई है और इसे आस्था से जुड़ा विषय बताते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
मामले को लेकर लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस से वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कराने, वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान करने तथा यदि जांच में पशु क्रूरता या अन्य कानूनों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
ये भी पढ़े – मानसून में सीहोर के तीन वॉटरफॉल बंद, 31 अगस्त तक पर्यटकों के प्रवेश पर रोक
- sehore-narmada-river-cattle-pushed-viral-video-animal-cruelty-investigation








