
छतरपुर: शहर में निर्माण कार्यों के दौरान बेसमेंट की खुदाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सिविल लाइन थाना के सामने, पटरानी शोरूम के बगल और सटई रोड स्थित लखेरा बिल्डिंग के पास निर्माणाधीन भवनों में बेसमेंट बनाए जाने को लेकर स्थानीय लोगों ने निर्माण नियमों की अनदेखी का आरोप लगाया है। नागरिकों का कहना है कि इन निर्माण कार्यों को लेकर कई बार नगरपालिका में शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार संबंधित स्थानों पर जेसीबी मशीनों से लगातार गहरी खुदाई कर बेसमेंट तैयार किए जा रहे हैं। उनका कहना है कि यदि इन निर्माणों के लिए नियमानुसार अनुमति नहीं ली गई है, तो इसकी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। नागरिकों का यह भी कहना है कि देश के विभिन्न शहरों में बेसमेंट से जुड़े हादसों के सामने आने के बावजूद ऐसे निर्माण कार्यों की पर्याप्त निगरानी नहीं की जा रही है, जिससे लोगों में चिंता बनी हुई है।
ये भी पढ़े – छतरपुर: अंधविश्वास बना काल, सांप के डसने के 24 घंटे बाद बुजुर्ग की मौत
मामले में नगरपालिका की मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) माधुरी शर्मा ने कहा कि संबंधित निर्माण कार्यों की जांच कराई जाएगी और आवश्यकतानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं नगरपालिका के उपयंत्री ने बताया कि संबंधित मामलों में नोटिस जारी किए गए हैं, हालांकि उन्होंने निर्माण की अनुमति और आगे की कार्रवाई को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी।
ये भी पढ़े – छतरपुर में अतिक्रमण पर सख्ती, विधायक ललिता यादव ने अधिकारियों की संयुक्त बैठक ली
- chhatarpur-illegal-basement-construction-complaint-municipality-action








