
सीहोर/ कृष्णपाल: शिवपुरी जिले के सीहोर थाना क्षेत्र में कुएं से पानी की मोटर चोरी के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गई दोनों पानी की मोटरें भी बरामद कर ली हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
कुएं से चोरी हुई थीं दो पानी की मोटरें
थाना सीहोर क्षेत्र के ग्राम फूलपुर में 18 और 19 सितंबर की दरम्यानी रात चोरी की घटना सामने आई थी। फरियादी गजेंद्र सिंह रावत ने 21 सितंबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के अनुसार, अज्ञात बदमाश गजेंद्र सिंह रावत और मुकेश बघेल के कुएं से दो पानी की मोटरें चोरी कर ले गए थे। शिकायत मिलते ही सीहोर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबोचे आरोपी
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति और एसडीओपी करैरा आनंद राय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जूली तोमर ने पुलिस टीम गठित की।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपियों के संबंध में सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस टीम ने 22 सितंबर को कार्रवाई करते हुए करुआ उर्फ संजय बघेल और दिलीप रावत, दोनों निवासी ग्राम फूलपुर, को गिरफ्तार कर लिया।
निशानदेही पर दोनों मोटरें बरामद
पुलिस के अनुसार पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गई दोनों पानी की मोटरें बरामद कर ली गईं। इस तरह पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के बाद कम समय में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए सामान भी बरामद कर लिया।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय के समक्ष पेश किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई में थाना प्रभारी जूली तोमर सहित सीहोर थाना पुलिस टीम की विशेष भूमिका रही।
- sehore-police-arrests-two-accused-in-water-motor-theft-case-within-24-hours








