
शिवपुरी।कुलदीप शर्मा|शहर के कोर्ट रोड स्थित एक दुकान को लेकर किरायेदार और दुकान मालिक के बीच विवाद का मामला सामने आया है। सईसपुरा निवासी नसीम अहमद ने दुकान मालिक दिव्यांश वर्मा पर कथित रूप से गाली-गलौज, दुकान में घुसकर सामान बाहर फेंकने और मारपीट का प्रयास करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने एनसीआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दुकान खाली कराने को लेकर चल रहा है विवाद
शिकायत के अनुसार, नसीम अहमद लंबे समय से कोर्ट रोड स्थित स्वर्गीय नरेंद्र कुमार वर्मा की दुकान में फोटोकॉपी और संबंधित कार्य कर रहे हैं। उनका कहना है कि नरेंद्र कुमार वर्मा के निधन के बाद उनकी पत्नी कमला वर्मा और बेटे दिव्यांश वर्मा दुकान खाली कराने का दबाव बना रहे हैं तथा अधिक किराया मांग रहे हैं। किरायेदार का दावा है कि यह मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है।
नशे की हालत में आने और सामान फेंकने का आरोप
नसीम अहमद ने आरोप लगाया है कि सोमवार शाम दिव्यांश वर्मा कथित रूप से नशे की हालत में दुकान पर पहुंचे। उन्होंने पहले बाहर खड़े वाहन में लात मारी, फिर दुकान में घुसकर गाली-गलौज की और दुकान खाली कराने का दबाव बनाया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि दुकान के अंदर रखा सामान बाहर फेंक दिया गया तथा विरोध करने पर मारपीट का प्रयास किया गया।
CCTV फुटेज की जांच करेगी पुलिस
किरायेदार का कहना है कि घटना के समय कमला वर्मा भी मौके पर मौजूद थीं और उन्होंने भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया। उनका दावा है कि पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े: शिवपुरी में दूध, मावा और पनीर की जांच तेज, 7 प्रतिष्ठानों से लिए गए सैंपल
- shivpuri-court-road-shop-dispute-tenant-alleges-assault-and-abuse








