
शिवपुरी/ कुलदीप शर्मा: मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती प्राची शर्मा उपाध्याय के निर्देशन में शुक्रवार को ग्वालियर बायपास पर लगाए गए मोबाइल कोर्ट में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सघन कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 34 वाहन चालकों पर कुल 24,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
नियमों के विरुद्ध पदनाम लिखी नंबर प्लेट वाले वाहनों के चालान
कार्रवाई के दौरान तीन सवारी बैठाने, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने, काली फिल्म लगी होने, बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने, नाबालिग द्वारा वाहन चलाने तथा मोटर वाहन नियमों के विरुद्ध पदनाम लिखी नंबर प्लेट वाले वाहनों के चालान किए गए।
नियमानुसार चालानी कार्रवाई
अभियान के दौरान एमपी 07 सीएल 0100 नंबर की एक कार भी जांच के दायरे में आई। वाहन की नंबर प्लेट पर “सरपंच, ग्राम पंचायत सोनी भाजपा” लिखा हुआ था, जिसे मोटर वाहन नियमों के विपरीत पाया गया। पुलिस ने इस वाहन के विरुद्ध भी नियमानुसार चालानी कार्रवाई की। इस कार्रवाई को इस संदेश के रूप में देखा जा रहा है कि यातायात नियमों के उल्लंघन पर किसी भी व्यक्ति या पदनाम के आधार पर रियायत नहीं दी जाएगी।
मोबाइल कोर्ट की कार्रवाई के दौरान जेएमएफसी श्रीमती प्रत्यक्षा कुलेश, जेएमएफसी श्रीमती प्रिया शर्मा, जेएमएफसी श्री धर्मवीर राठौर, एडीपीओ मयंक श्रीवास्तव, यातायात प्रभारी रणवीर यादव, कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे, सूबेदार प्रियंका घोष सहित यातायात एवं कोतवाली थाना पुलिस बल मौजूद रहा।
जिम्मेदार नागरिक की भूमिका
अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वैध नंबर प्लेट का उपयोग करें और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं।
- shivpuri-mobile-court-traffic-action-sarpanch-bjp-number-plate-fine








