
सार:
टीकमगढ़/ धर्मेंद्र सिंह लोधी: टीकमगढ़ के भेलसी में जनसुनवाई के बाद शासकीय स्कूलों के निरीक्षण में पढ़ाई और मध्यान्ह भोजन व्यवस्था से जुड़ी कमियां सामने आईं। एक स्कूल में छात्राएं इकाई-दहाई के सवालों का जवाब नहीं दे सकीं, जबकि सुहागी के स्कूल में मीनू के अनुसार भोजन नहीं मिलने की शिकायत मिली।
विस्तार:
जनसुनवाई के बाद स्कूलों का निरीक्षण
टीकमगढ़ में कलेक्टर के निर्देश पर मंगलवार को ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के कार्यपालन यंत्री ने ग्राम पंचायत भेलसी में जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने पंचायत कर्मियों से हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी ली और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के बाद अधिकारी ने क्षेत्र के विभिन्न शासकीय विद्यालयों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान स्कूलों में शैक्षणिक व्यवस्था के साथ मध्यान्ह भोजन की स्थिति भी देखी गई। इस दौरान कुछ कमियां सामने आने पर संबंधित जिम्मेदारों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए।
बोर्ड पर सवाल पूछे तो नहीं दे पाईं सही जवाब
कार्यपालन यंत्री सबसे पहले शासकीय प्राथमिक कन्या शाला भेलसी पहुंचे। यहां उन्होंने स्कूल भवन का निरीक्षण करने के बाद कक्षा में छात्राओं से पढ़ाई को लेकर सवाल किए। उन्होंने बोर्ड पर संख्याएं लिखवाकर छात्राओं से इकाई, दहाई और सैकड़ा से संबंधित प्रश्न पूछे।
बताया गया कि कई छात्राएं पूछे गए सवालों का सही जवाब नहीं दे पाईं। इस पर अधिकारी ने संबंधित शिक्षक को छात्राओं की समझ और स्तर के अनुसार विषय समझाने के निर्देश दिए। इसके बावजूद छात्राओं से सही उत्तर नहीं मिलने पर अधिकारी ने शिक्षण व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई।
मध्यान्ह भोजन की भी जांच
स्कूल में मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारी ने छात्राओं से भोजन की गुणवत्ता और निर्धारित मीनू के बारे में जानकारी ली। छात्राओं ने भोजन को लेकर संतोषजनक जानकारी दी।
इसके बाद रसोईघर का निरीक्षण किया गया, जहां साफ-सफाई की स्थिति ठीक पाई गई। इस दौरान भोजन तैयार करने की व्यवस्था और रसोई की स्थिति भी देखी गई।
सुहागी स्कूल में मरम्मत को लेकर ली जानकारी
इसके बाद अधिकारी शासकीय प्राथमिक शाला सुहागी पहुंचे। निरीक्षण के दौरान स्कूल में तीन शिक्षक उपस्थित मिले। स्कूल भवन की मरम्मत को लेकर जानकारी लेने पर शिक्षक ने बताया कि मरम्मत के लिए राशि उपलब्ध नहीं है। हालांकि मरम्मत के लिए राशि उपलब्ध कराई गई है या नहीं, यह विभागीय स्तर पर जांच का विषय है।
मीनू के अनुसार नहीं मिला भोजन
मध्यान्ह भोजन के समय अधिकारी ने माध्यमिक शाला सुहागी का भी निरीक्षण किया। यहां निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन नहीं दिए जाने की बात सामने आई। अधिकारी ने संबंधित समूह के सदस्यों को मौके पर बुलाया और व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।
उन्होंने लापरवाही दोबारा सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी। अधिकारियों ने स्कूल में मध्यान्ह भोजन व्यवस्था को निर्धारित मीनू और नियमों के अनुसार संचालित करने के निर्देश दिए।
छात्रा से पूड़ी बनवाने का वीडियो सामने आया
निरीक्षण के दौरान किचन में एक छात्रा से पूड़ी बनवाए जाने की बात भी सामने आई। इसका वीडियो भी सामने आया है। मामले को लेकर अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन और संबंधित लोगों को फटकार लगाई और भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा नहीं होने की हिदायत दी।
ग्रामीणों ने रोकी अधिकारी की गाड़ी, राशन दुकान की शिकायत
स्कूलों का निरीक्षण कर लौट रहे अधिकारी की गाड़ी को रास्ते में ग्रामीणों ने रोक लिया। ग्रामीणों ने धूमगढ़ राशन दुकान के सेल्समैन के खिलाफ शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि हितग्राहियों को राशन कम तौला जाता है और उनसे अतिरिक्त राशि भी ली जाती है।
शिकायत मिलने के बाद अधिकारी राशन दुकान पहुंचे और स्टॉक रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित सेल्समैन को राशन वितरण में पारदर्शिता बरतने और नियमानुसार हितग्राहियों को राशन देने की हिदायत दी।
अधिकारी ने स्पष्ट किया कि राशन वितरण को लेकर किसी भी प्रकार की शिकायत सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और इसकी जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी।
निरीक्षण के दौरान पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, सरपंच प्रतिनिधि सहित अन्य लोग मौजूद रहे। हालांकि पूरे निरीक्षण को लेकर अधिकारी की ओर से कोई आधिकारिक बाइट उपलब्ध नहीं कराई गई है।
- Tikamgarh-Bhelsi-School-Inspection-Students-Unit-Tens-Mid-Day-Meal-Irregularities








