
सार
रूप कुमार हरबोल | सतना जिले के उचेहरा में हाईस्कूल के पीछे शाखा मैदान स्थित संघ कार्यालय में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में पवन कुमार ताम्रकार उर्फ लल्लू को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर इंडेन गैस सिलेंडर और अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
विस्तार
सतना जिले के उचेहरा में हाईस्कूल के पीछे शाखा मैदान स्थित संघ कार्यालय में हुई चोरी के मामले में उचेहरा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया और उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायालय के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पोड़ी गरादा निवासी और वर्तमान में कटरा स्टेशन वार्ड क्रमांक-1 उचेहरा में रहने वाले हरिकिशन जायसवाल ने 13 सितंबर को थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, 12 सितंबर की रात करीब 8 बजे वह संघ कार्यालय बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब 5:30 बजे जब वह कार्यालय पहुंचे तो बाहर का गेट बंद था। ताला खोलकर अंदर जाने पर एक कमरे का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा हुआ था।
जांच करने पर कमरे से एक गैस सिलेंडर, दो गंजी और दो एलईडी लाइट गायब मिलीं। फरियादी की शिकायत पर उचेहरा पुलिस ने अपराध क्रमांक 365/26 दर्ज कर धारा 305(ए) और 331(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया और जांच शुरू की।
बउली तिराहा से पकड़ा गया संदेही
विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में संलिप्त पवन कुमार ताम्रकार उर्फ लल्लू बउली तिराहा के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने संघ कार्यालय में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि वह रात करीब 2:30 बजे कार्यालय के आसपास सुनसान देखकर गेट पर चढ़कर अंदर दाखिल हुआ था। इसके बाद कमरे का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर, दो गंजी और दो एलईडी लाइट चोरी कीं और सामान को झाड़ियों में छिपा दिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सामान बरामद कर लिया। बरामद सामान में इंडेन कंपनी का एक गैस सिलेंडर, जिसकी कीमत करीब 4 हजार रुपये, और दो पुरानी इस्तेमाल की हुई गंजी, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1500 रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, दो एलईडी लाइट के संबंध में भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पवन कुमार ताम्रकार उर्फ लल्लू (30), पिता भरत लाल ताम्रकार, निवासी वार्ड क्रमांक-6, पुरानी मैहर रोड, उचेहरा, जिला सतना के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी सतीश मिश्रा के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने बताया कि मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना स्टाफ की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा चोरी की घटना का खुलासा किए जाने के बाद अब मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
- uchehra-satna-rss-sangh-office-theft-accused-arrested-gas-cylinder-recovered








