
उमरिया/राकेश दर्दवंशी: भारतीय जनता पार्टी द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर शुक्रवार को सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. वाणी अहलूवालिया ने कांग्रेस सहित विपक्षी गठबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद में इस विधेयक को पारित नहीं होने देना करोड़ों महिलाओं के अधिकारों और भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उनके अनुसार यह विधेयक महिलाओं के सम्मान, अधिकार और राजनीतिक भागीदारी से जुड़ा हुआ है, लेकिन विपक्ष ने इसका विरोध कर महिलाओं की आकांक्षाओं को आहत किया है।
डॉ. अहलूवालिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने उज्ज्वला योजना, जन-धन योजना, मातृत्व सुरक्षा योजनाएं और तीन तलाक जैसे फैसलों के माध्यम से महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए हैं, जबकि विपक्ष केवल बयानबाजी तक सीमित रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी देने का भाजपा का संकल्प मजबूत है और आने वाले समय में यह मुद्दा जन-आंदोलन का रूप लेगा।
उन्होंने परिसीमन को लेकर भी विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के समय लिए गए निर्णयों को गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है। उन्होंने विपक्षी दलों के रुख को महिला विरोधी बताते हुए कहा कि यह मुद्दा आने वाले चुनावों में भी असर डालेगा।
प्रेस वार्ता के बाद रानी दुर्गावती भवन में महिला जन आक्रोश कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। इसके पश्चात रानी दुर्गावती भवन से गांधी चौक तक रैली निकाली गई, जिसमें विपक्ष के खिलाफ नारेबाजी की गई। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष अग्रवाल सहित कई पदाधिकारी और महिला मोर्चा की सदस्य मौजूद रहीं।
- umaria-bjp-press-conference-nari-shakti-vandan-adhiniyam-controversy










