
उमरिया/ राकेश दर्दवंशी: उमरिया जिले के एक कारोबारी से 50 लाख रुपये की कथित रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने जांच के बाद एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने मामले में मिले साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण दर्ज करते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है।
शिकायतों का सिलसिला जारी
जानकारी के अनुसार, कबीर बिल्डकॉन के संचालक एवं व्यापारी विनोद आहूजा ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि विकास सचदेव लगातार उनके खिलाफ झूठी और मनगढ़ंत शिकायतें कर रहे थे। शिकायत में यह भी कहा गया कि सरकार और उच्च न्यायालय स्तर पर हुई सभी जांचों में उन्होंने पूरा सहयोग किया, इसके बावजूद शिकायतों का सिलसिला जारी रहा।
सभी शिकायतें वापस
व्यापारी का आरोप है कि एक दिन रात के समय विकास सचदेव ने उनसे 50 लाख रुपये की मांग की और कथित तौर पर कहा कि रकम देने पर वह सभी शिकायतें वापस ले लेगा। इसके बाद व्यापारी ने अपनी और परिवार की सुरक्षा को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
धाराओं के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने शिकायत की जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों का परीक्षण किया। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
आगे की वैधानिक कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार शर्मा ने बताया कि शिकायत की जांच के बाद प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया गया है तथा मामले की विवेचना जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: http://खनिज मद से खरीदी जाएंगी नई डायलिसिस मशीनें, पाली-मानपुर-चंदिया में सुविधा शुरू करने की मांग तेज
- umaria-businessman-extortion-case-fir-50-lakh-demand









