
सीहोर/नफीस खान की रिपोर्ट: जिले में मई के तीसरे सप्ताह में भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। राजस्थान की ओर से आ रही गर्म हवाओं के कारण जिले में तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री अधिक बना हुआ है और लू का असर तेज हो गया है।
ये भी पढ़े – सीहोर में सरकारी विश्राम गृह खंडहर में तब्दील, PWD की लापरवाही पर उठे सवाल
तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते सुबह 11 बजे के बाद ही शहर के बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। दिन के समय सड़कें पूरी तरह सूनी नजर आ रही हैं और लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। अत्यधिक गर्मी के कारण अस्पतालों में डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक और अन्य मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि आवश्यक कार्य न होने पर दोपहर के समय घरों से बाहर न निकलें और पर्याप्त पानी का सेवन करें।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 से 5 दिनों तक गर्मी से राहत की कोई संभावना नहीं है और तापमान में 1 से 2 डिग्री तक और वृद्धि हो सकती है। हालांकि जून के दूसरे पखवाड़े में प्री-मानसून गतिविधियों के सक्रिय होने के बाद कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं विभाग ने संकेत दिए हैं कि इस बार मानसून समय से पहले सक्रिय हो सकता है। सामान्यतः सीहोर में मानसून 15 से 20 जून के बीच पहुंचता है, लेकिन इस बार जून के पहले सप्ताह से ही प्री-मानसून बारिश और बादलों की आवाजाही शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
ये भी पढ़े – सीहोर में किसानों का दर्द: 44 डिग्री की तपती गर्मी में समर्थन मूल्य और मंडी व्यवस्था को लेकर उठे सवाल
- sehore-heatwave-temperature-44-degree-monsoon-update






