
खजुराहो। लोकसभा क्षेत्र के सांसद और भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा का सादगी भरा अंदाज शनिवार को खजुराहो की सड़कों पर देखने को मिला। सांसद शर्मा वीआईपी काफिले के बजाय स्कूटी पर सवार होकर क्षेत्र भ्रमण पर निकले और स्थानीय लोगों से सीधा संवाद किया।
भ्रमण के दौरान उन्होंने दुकानदारों और आम नागरिकों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। कई स्थानों पर रुककर चाय की दुकानों पर लोगों से चर्चा की और क्षेत्र की समस्याएं सुनीं। सांसद को स्कूटी पर अपने बीच देखकर स्थानीय लोग भी हैरान नजर आए।
मीडिया से बातचीत में सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन और उनके संदेश देशवासियों के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री लगातार वीआईपी कल्चर खत्म करने और जनता के बीच “प्रधान सेवक” बनकर रहने की बात करते हैं। उनका यह प्रयास भी उसी सादगी और जमीनी जुड़ाव का हिस्सा है। सांसद को बिना तामझाम के आम लोगों के बीच देखकर स्थानीय नागरिकों ने भी खुशी जताई। लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधि का इस तरह सीधे जनता के बीच पहुंचना सकारात्मक संदेश देता है।
खजुराहो की सड़कों पर स्कूटी चलाते सांसद शर्मा की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनकी लोग सराहना कर रहे हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट – अमित अवस्थी
यह भी पढ़े: मैहर सिविल अस्पताल में स्थाई सिविल सर्जन और CMHO नियुक्ति की मांग तेज
- MP VD Sharma embarked on a scooty tour of Khajuraho and interacted directly with the people








