
उन्नाव: उत्तर प्रदेश के उन्नाव में पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय लूट गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह ने ट्रक चालक पर हमला कर गोदरेज कंपनी के 77 फ्रिज और 40 स्प्लिट एसी से भरा कंटेनर लूट लिया था। एसओजी, सर्विलांस और अजगैन थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में न केवल आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, बल्कि लूटा गया कंटेनर और बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार 28 मई को कानपुर के नौबस्ता निवासी ट्रांसपोर्टर राजेश कुमार गुप्ता ने अजगैन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका कंटेनर ट्रक गोदरेज कंपनी के फ्रिज और एसी लेकर आशाखेड़ा से कानपुर जा रहा था। रास्ते में बदमाशों ने चालक नीरज कुमार पर हमला कर उसे घायल कर दिया और ट्रक लूटकर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसओजी, सर्विलांस और अजगैन पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने एक्सप्रेसवे और विभिन्न टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में सामने आया कि बदमाशों ने कंटेनर का नंबर बदलकर उसकी पहचान छिपाने की कोशिश की थी। मूल नंबर की जगह दूसरा नंबर लगाकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया गया।
तकनीकी जांच के दौरान सर्विलांस टीम ने दो मोबाइल नंबरों को ट्रेस किया, जिनकी लोकेशन लगातार कंटेनर के साथ मिल रही थी। इन नंबरों के आधार पर पुलिस कुशीनगर जिले के कसया कस्बे तक पहुंची। वहां स्थित एक ढाबे पर घेराबंदी कर चार संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि लूटे गए फ्रिज और एसी अलग-अलग कारोबारियों को बेच दिए गए थे। जांच के दौरान पुलिस ने कसया स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान से 32 फ्रिज बरामद किए। वहीं कई फ्रिज पहले ही आगे बेचे जा चुके थे। पुलिस ने मोतिहारी क्षेत्र से लूटा गया कंटेनर भी बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में ढाबा संचालक विवेक मिश्रा, विकास वाल्मीकि, राजू उर्फ बलिराम सिंह, अविनाश सिंह सहित अन्य शामिल हैं। इनकी निशानदेही पर गिरोह के मुख्य आरोपी छोट्टन चौधरी की तलाश शुरू की गई। पुलिस को सूचना मिली कि छोट्टन चौधरी नवाबगंज क्षेत्र में मौजूद है। घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा बरामद हुआ।
पुलिस ने इस कार्रवाई में लूटा गया कंटेनर, 47 फ्रिज, 40 स्प्लिट एसी समेत कुल 127 इलेक्ट्रॉनिक यूनिट बरामद की हैं। बरामद सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस अब शेष सामान और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है। एसएसपी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि इस पूरे मामले के खुलासे में सीसीटीवी फुटेज, टोल प्लाजा रिकॉर्ड और मोबाइल सर्विलांस ने अहम भूमिका निभाई। बदमाशों ने नंबर प्लेट बदलकर जांच को भटकाने की कोशिश की थी, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस गिरोह तक पहुंचने में सफल रही। घटना के सफल खुलासे पर पुलिस टीम के लिए घोषित पुरस्कार राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी गई है। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।
- truck-fridge-ac-loot-gang-busted-in-unnao-five-arrested-godrej-consignment-recovered







