
मुजफ्फरनगर: तीर्थ नगरी शुकतीर्थ में एक मजदूर की हत्या के बाद शव को जलाकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। समय रहते पुलिस को सूचना मिल जाने से आरोपियों की योजना नाकाम हो गई और श्मशान घाट पहुंची पुलिस ने चिता से अधजला शव बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस हत्यारों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार भौराकलां थाना क्षेत्र के सिसौली गांव निवासी 35 वर्षीय अंकुर पुत्र पाल्ला शुकतीर्थ स्थित नक्षत्र वाटिका के पास निर्माणाधीन गंगा घाट पर मजदूरी करता था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात अज्ञात लोगों ने उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर अंकुर की जान ली।
हत्या के बाद आरोपी शव को ठिकाने लगाने और वारदात के सबूत मिटाने के इरादे से उसे श्मशान घाट ले गए और जल्दबाजी में अंतिम संस्कार करने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पुलिस को मामले की सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने श्मशान घाट में जल रही चिता से अधजले शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जुटाए गए हैं।
ये भी पढ़े – मुजफ्फरनगर की बेटी सृष्टि सिंह बनीं भारतीय नौसेना अधिकारी, जिले में खुशी की लहर
शनिवार सुबह निर्माण कार्य के ठेकेदार रोबिन ने भोपा थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि रात में घटना की सूचना मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचे तो अंकुर के कमरे और आसपास खून फैला हुआ था। बाद में श्मशान घाट पहुंचने पर उन्होंने देखा कि अंकुर का शव अधजली अवस्था में चिता पर पड़ा हुआ था और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान दिखाई दे रहे थे।
पुलिस को प्रथम दृष्टया संदेह है कि हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और बाद में शव को श्मशान घाट लाकर जलाने का प्रयास किया गया, ताकि अपराध के सबूत नष्ट किए जा सकें। इसी आधार पर पुलिस हत्या और साक्ष्य मिटाने के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। जांच टीम हत्या के पीछे के कारणों और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है।
शांत और धार्मिक माहौल के लिए पहचानी जाने वाली शुकतीर्थ नगरी में हुई इस वारदात ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़े – मुजफ्फरनगर में कैंसर मरीजों के लिए बड़ी सुविधा, बीएलके-मैक्स हॉस्पिटल ने मेडिकल ऑन्कोलॉजी ओपीडी सेवाओं की शुरुआत की
- muzaffarnagar-laborer-murdered-in-shukatirth-body-burnt-to-erase-evidence-recovered-by-police








