
बड़वानी: जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में सामने आए एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाले हत्याकांड का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी पर एसिड डालकर उसे गंभीर रूप से घायल करने और बाद में लोहे की रॉड से हमला कर हत्या करने वाले आरोपी पति को राजपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने वारदात के बाद घटना को हादसा साबित करने के लिए चूहों द्वारा एसिड गिराने की झूठी कहानी भी गढ़ी थी, लेकिन पुलिस जांच में पूरा सच सामने आ गया।
पुलिस के अनुसार 29 मई 2026 को जिला अस्पताल बड़वानी से सूचना प्राप्त हुई थी कि सालखेड़ा मोहनपुरा निवासी 24 वर्षीय पिंकी की एसिड से झुलसने के कारण मृत्यु हो गई है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के दौरान मृतका के शरीर पर एसिड से जलने के निशानों के अलावा सिर और अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें भी पाई गईं। घटनास्थल के निरीक्षण और परिजनों के बयान के बाद पुलिस को मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मृतका के पति विजय चौहान के विरुद्ध हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी आयुष कुमार अलावा और थाना प्रभारी माधवसिंह ठाकुर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, परिस्थितिजन्य तथ्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी की तलाश शुरू की। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी अपने घर मोहनपुरा इंद्रपुर में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर भागने की कोशिश कर रहे विजय चौहान (31 वर्ष) को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने जो खुलासा किया, वह बेहद चौंकाने वाला था। पुलिस के अनुसार आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था और इसी कारण वह लंबे समय से नाराज था। उसने पत्नी को सबक सिखाने और रास्ते से हटाने की नीयत से पूरी साजिश रची। 28 मई की रात करीब साढ़े तीन बजे जब उसकी पत्नी सो रही थी, तब उसने ड्रिप साफ करने वाले एसिड को एक मग्गे में भरकर उस पर फेंक दिया। उस समय पास में सो रहे बच्चे भी एसिड की चपेट में आ गए और झुलस गए।
ये भी पढ़े – बड़वानी पहुंचीं कांग्रेस प्रदेश सह-प्रभारी उषा नायडू, संगठन सृजन अभियान को लेकर बूथ कार्यकर्ताओं संग की बैठक
पुलिस के मुताबिक एसिड से झुलसने के बाद जब पीड़िता दर्द से तड़पते हुए भागने लगी तो आरोपी ने लोहे की रॉड से उसकी बेरहमी से पिटाई की। इतना ही नहीं, उसने कैंची से उसकी चोटी भी काट दी। गंभीर रूप से घायल महिला की हालत बिगड़ने पर आरोपी ने बाद में एम्बुलेंस बुलाकर उसे अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना को दुर्घटना साबित करने के लिए आरोपी ने लोगों और मीडिया को गुमराह करने की कोशिश की। उसने दावा किया कि घर में रखे एसिड को चूहों ने गिरा दिया था, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि पुलिस की गहन जांच, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पूछताछ के दौरान उसके बयान विरोधाभासी पाए गए। अंततः आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड, प्लास्टिक का मग्गा, दस्ताने, कैंची और वारदात के समय पहने गए कपड़े जब्त कर लिए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस संवेदनशील और गंभीर मामले के त्वरित खुलासे में एसडीओपी आयुष कुमार अलावा, थाना प्रभारी माधवसिंह ठाकुर सहित राजपुर पुलिस की विशेष टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है तथा पीड़ित बच्चों के उपचार और अन्य पहलुओं की भी निगरानी की जा रही है। यह घटना न केवल एक जघन्य अपराध के रूप में सामने आई है, बल्कि पारिवारिक रिश्तों में अविश्वास और हिंसा के खतरनाक परिणामों को भी उजागर करती है। पुलिस की तत्परता से मामले का शीघ्र खुलासा होने से आरोपी कानून के शिकंजे में पहुंच गया है।
- rajpur-police-arrested-husband-for-acid-attack-and-murder-of-wife-barwani








