
रतलाम: माणकचौक थाना पुलिस ने यूको बैंक के खाताधारकों की फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) में धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि बैंक के एक आउटसोर्स कर्मचारी ने अपने साथियों के साथ मिलकर ग्राहकों की एफडी मोबाइल एप के माध्यम से तोड़ी और राशि अपने खाते सहित परिचितों के खातों में ट्रांसफर कर अवैध लाभ कमाया।
पुलिस के अनुसार, 30 जून 2026 को फरियादी दिनेश बंजारा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि यूको बैंक की लकड़पीठा रोड शाखा में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारी राहुल राठौर ने षड्यंत्रपूर्वक उनकी और अन्य खाताधारकों की एफडी बिना अनुमति तोड़ दी। आरोप है कि एफडी की राशि पहले अपने खाते में ट्रांसफर की गई और बाद में विभिन्न परिचितों के खातों में भेजकर उसका उपयोग किया गया।
ये भी पढ़े – रतलाम में अवैध शराब तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 177 पेटी शराब और पिकअप वाहन जब्त; एक तस्कर गिरफ्तार, दूसरा फरार
शिकायत के आधार पर थाना माणकचौक में अपराध क्रमांक 266/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मामला कायम किया गया। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल, राकेश पंद्रो और नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल राठौर सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में राहुल राठौर, रवि कुमावत, दिनेश राव, अरुण जैन, जितेंद्र कुमावत, त्रिलोक झा और मुकेश राठौर शामिल हैं। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि धोखाधड़ी की कुल राशि कितनी है तथा इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और बैंक खातों के लेनदेन सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। कार्रवाई में थाना माणकचौक पुलिस और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ये भी पढ़े – ‘सेफ क्लिक 2.0’ के तहत रतलाम में साइबर जागरूकता मैराथन, एसपी अमित कुमार ने दिलाई साइबर सुरक्षा की शपथ
- uco-bank-fd-fraud-case-7-accused-arrested-ratlam








