
शिवपुरी/ कुलदीप शर्मा: जिले में प्रेम विवाह के बाद नवविवाहित जोड़ों के पुलिस अधिकारियों से सुरक्षा की गुहार लगाने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में भौती थाना क्षेत्र की 18 वर्षीय युवती भारती केवट ने अपने पति रविन्द्र पाल और ससुराल पक्ष के परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा की मांग की है। युवती ने अपने मायके पक्ष से जान माल का खतरा बताते हुए एसपी को आवेदन सौंपा है।
13 जुलाई को हिंदू रीति रिवाज से किया विवाह
आवेदन के अनुसार, खोड़ निवासी भारती केवट और मनपुरा निवासी रविन्द्र पाल ने 13 जुलाई 2026 को हिंदू रीति रिवाज से विवाह किया है। भारती का कहना है कि दोनों बालिग हैं और उन्होंने अपनी स्वतंत्र इच्छा से बिना किसी दबाव के प्रेम विवाह किया है।
युवती ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा है कि वह अपनी इच्छा से रविन्द्र पाल के साथ आई है। उसका आरोप है कि विवाह के बाद उसके परिजनों की ओर से उसे और उसके पति के परिवार को खतरा बना हुआ है।
यह भी पढ़े: आज का पंचांग 22 जुलाई 2026: भड़ली नवमी पर बन रहे शुभ योग, जानें पूजा का शुभ समय और व्रत का महत्व
जेवर और रुपये लेकर नहीं आने की बात कही
भारती केवट ने अपने आवेदन में यह भी स्पष्ट किया है कि वह अपनी इच्छा से पति के साथ आई है और अपने साथ किसी भी प्रकार के जेवरात, रुपये-पैसे या अन्य संपत्ति लेकर नहीं आई है।
युवती ने पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया है कि यदि भविष्य में उसके मायके पक्ष की ओर से उसके पति या ससुराल पक्ष के खिलाफ कोई शिकायत या रिपोर्ट दर्ज कराई जाती है, तो मामले की निष्पक्ष जांच की जाए।
पति और ससुराल पक्ष की सुरक्षा की मांग
भारती ने पुलिस अधीक्षक से स्वयं के साथ-साथ अपने पति रविन्द्र पाल और उसके परिवारजनों को भी संभावित खतरे से सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। फिलहाल पुलिस को सौंपे गए आवेदन के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।
- Shivpuri Couple Seeks Police Protection After Love Marriage Alleging Threat From Family








