
नई दिल्ली: देश को नशामुक्त बनाने और युवा ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण में जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (2 अगस्त, 2026) सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘नशा मुक्त युवा- विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत करेंगे। इस राष्ट्रव्यापी पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं को मादक पदार्थों के सेवन से दूर रखना और उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में सकारात्मक सामाजिक बदलाव का प्रतिनिधि (एंबेसडर) बनने के लिए प्रेरित करना है।
इस भव्य वर्चुअल कार्यक्रम में देशभर के 10,000 से अधिक स्थानों से लाखों युवा एक साथ जुड़ेंगे। अभियान में माय भारत (MY Bharat) के वॉलिंटियर्स, नेशनल सर्विस स्कीम (NSS) के स्वयंसेवक, युवा क्लब, स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, एनजीओ, उद्योग संगठनों के युवा विंग और 125 से अधिक सहयोगी आध्यात्मिक संगठन प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहभागिता करेंगे।
इस शुभारंभ के साथ ही मादक पदार्थों के खिलाफ 100 सप्ताह तक चलने वाले एक व्यापक ‘जन भागीदारी अभियान’ की नींव रखी जाएगी। नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए इस अभियान के तहत अगले 100 हफ्तों तक हर रविवार को देश भर में कई तरह की जागरूकता और सामुदायिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन साप्ताहिक आयोजनों में खेल प्रतियोगिताएं, वाकाथॉन, ध्यान व योग सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जागरूकता रैलियां, नुक्कड़ नाटक, चर्चा मंच, कला प्रतियोगिताएं और जन-संवाद कार्यक्रम शामिल होंगे।
यह पहल शैक्षणिक संस्थानों, युवा संगठनों, नागरिक समाज, औद्योगिक निकायों और धार्मिक-आध्यात्मिक संस्थाओं को एक साझा मंच पर लाकर नशाखोरी के खिलाफ एक संगठित और मजबूत सामुदायिक आंदोलन खड़ा करने का खाका तैयार करती है।
- pm-modi-launches-nasha-mukt-yuva-viksit-bharat







