
सागर।मनीष कुमार चौबे| सागर पुलिस के पुलिस कंट्रोल रूम (डायल-112) और एफआरवी टीम की त्वरित कार्रवाई से बीना क्षेत्र में खेलते-खेलते घर का रास्ता भटक गया 4 वर्षीय मासूम सुरक्षित रूप से अपने परिजनों से मिल गया। पुलिस की संवेदनशीलता और तत्परता की परिजनों ने सराहना की।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एफआरवी टीम
पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को सुबह 9:41 बजे राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल में सूचना मिली कि बीना क्षेत्र में एक छोटा बच्चा घर का रास्ता भटक गया है। सूचना मिलते ही सागर कंट्रोल रूम के समन्वय से थाना बीना की एफआरवी टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया।
पूछताछ कर परिजनों का लगाया पता
आरक्षक धर्मेंद्र और पायलट अजय ने मौके पर पहुंचकर बच्चे को सुरक्षित संरक्षण में लिया। बच्चा अपनी कम उम्र के कारण परिजनों की जानकारी नहीं दे पा रहा था। इसके बाद पुलिस टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और हैदरीन स्कूल, बीना के आसपास बच्चे के परिजनों की तलाश शुरू की।
सत्यापन के बाद पिता को सौंपा बच्चा
लगातार प्रयास के बाद पुलिस टीम को बच्चे के पिता मिल गए। आवश्यक पहचान और सत्यापन के बाद मासूम को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया गया। अपने बच्चे को सकुशल पाकर परिजनों ने सागर पुलिस, डायल-112 और एफआरवी टीम का आभार व्यक्त किया।
सागर पुलिस की अपील
सागर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में डायल-112 पर तुरंत सूचना दें। पुलिस कंट्रोल रूम और एफआरवी टीमें 24 घंटे नागरिकों की सहायता के लिए उपलब्ध हैं।
यह भी पढ़े: सागर में रिटायर्ड पुलिसकर्मी ने बहू की हत्या की, घरेलू विवाद के बाद धारदार हथियार से हमला
- dial-112-team-reunites-lost-four-year-old-child-with-family-in-bina








