
दमोह: जिले में स्वतंत्रता दिवस का पर्व उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया। शहर के तहसील ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में सुबह 9 बजे पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस दौरान कलेक्टर प्रताप नारायण यादव, पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी, दमोह विधायक जयंत मलैया, सांसद राहुल सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस जवान और बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी और स्काउट के जवानों ने मार्च-पास्ट किया। बारिश के बीच भी जवानों ने पूरे अनुशासन के साथ परेड में हिस्सा लिया। समारोह के दौरान मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। वहीं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी मंत्री ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। जिले के अन्य ब्लॉकों में भी स्थानीय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया गया।
रजपुरा बालिका छात्रावास में तिरंगे के अपमान का आरोप
इसी बीच जिले के हटा ब्लॉक स्थित रजपुरा बालिका छात्रावास से तिरंगे के अपमान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ध्वजारोहण के दौरान तिरंगे की रस्सी फंस गई। उसे निकालने के प्रयास के दौरान तिरंगा नीचे गिर गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि तिरंगा पहले से ही गंदा था और ध्वजारोहण की व्यवस्था में भी लापरवाही बरती गई। रस्सी फंसने के बाद उसे सुलझाने का प्रयास किया गया, जिसके दौरान तिरंगा नीचे गिर गया। बाद में पाइप निकालकर दोबारा ध्वजारोहण किया गया।
ग्रामीणों ने बनाया पंचनामा, कार्रवाई की मांग
स्थानीय ग्रामीण आवेश जैन द्वारा घटना पर आपत्ति जताई गई। वहीं सरपंच रामचरण यादव ने स्थानीय लोगों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कराया। पंचनामा में छात्रावास प्रबंधन पर तिरंगे के अपमान का आरोप लगाए जाने की बात सामने आई है। छात्रावास में मौजूद छात्राओं के परिजनों ने भी छात्रावास अधीक्षक की कार्यप्रणाली को लेकर आरोप लगाए हैं। सरपंच ने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कलेक्टर से शिकायत की है।
ये भी पढ़े – दमोह में माइक्रोफाइनेंस लूट का खुलासा, फरियादी ही निकला मास्टरमाइंड
- damoh-independence-day-2026-dharmendra-singh-lodhi-flag-hoisting-rajpura-hostel-tricolor-controversy










