
भोपाल/आदि मिश्रा की रिपोर्ट: स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर भोपाल नगर निगम में देशभक्ति और गरिमामय माहौल के बीच ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। निगम मुख्यालय स्थित ‘अटल भवन’ में महापौर श्रीमती मालती राय ने निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन की उपस्थिति में राष्ट्रध्वज फहराया। वहीं, निगम अध्यक्ष श्री किशन सूर्यवंशी ने माता मंदिर स्थित निगम की केंद्रीय कर्मशाला परिसर में तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस मनाया।
निगम मुख्यालय में ध्वजारोहण से पहले महापौर श्रीमती मालती राय ने फायर ब्रिगेड कर्मियों की परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी। राष्ट्रगान के साथ पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से गूंज उठा। ध्वजारोहण के बाद महापौर मालती राय ने भोपाल के सभी नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों और शहीदों को नमन करते हुए नागरिकों से देश की एकता, अखंडता और विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के उपरांत निगम परिसर में उपस्थित लोगों के बीच मिष्ठान का वितरण किया गया। स्वतंत्रता दिवस को लेकर निगम अधिकारी-कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इसी क्रम में निगम अध्यक्ष श्री किशन सूर्यवंशी ने माता मंदिर स्थित निगम की केंद्रीय कर्मशाला परिसर में ध्वजारोहण किया। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी और शहरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
किशन सूर्यवंशी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों के त्याग को याद करने और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने नागरिकों से देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने तथा भोपाल के विकास में सहयोग करने की अपील की। ध्वजारोहण के बाद यहां भी मिष्ठान वितरण किया गया।
दोनों स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में महापौर परिषद के सदस्य, पार्षद, निगम के अपर आयुक्त, उपायुक्त सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल बना रहा और उपस्थित लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देकर स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाया।
- bhopal-nagar-nigam-independence-day-mayor-malti-rai-kishan-suryavanshi-flag-hoisting











