
सागर: आगामी मिलाद-उन-नबी, रक्षाबंधन सहित अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, संबंधित विभागों के अधिकारी और शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने कहा कि त्योहारों के दौरान निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि धार्मिक आयोजनों को धार्मिक स्वरूप में ही रखा जाए और उन्हें किसी भी प्रकार का राजनीतिक रंग न दिया जाए। सभी जुलूस और धार्मिक आयोजन पारंपरिक एवं पूर्व निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएंगे। नए मार्ग से जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी। एसपी ने आतिशबाजी और हथियारों के प्रदर्शन पर भी पूर्ण रोक के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजनकर्ताओं से अपील की कि वे आपसी भाईचारा बनाए रखें और त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।
साफ-सफाई, बिजली और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
अपर कलेक्टर अविनाश रावत ने त्योहारों से पहले नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों को समयसीमा में आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। नगर निगम को प्रमुख मार्गों, चौराहों और आयोजन स्थलों पर विशेष साफ-सफाई एवं नियमित निगरानी रखने को कहा गया। विद्युत विभाग को त्योहारों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं यातायात पुलिस को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम करने को कहा गया।
डीजे और लाउडस्पीकर पर भी रहेगी निगरानी
बैठक में निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन अनिवार्य किए जाने की बात कही गई। तेज आवाज में डीजे और लाउडस्पीकर बजाने पर रोक रहेगी। प्रशासन की ओर से नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
मिलावट रोकने सैंपलिंग, संवेदनशील क्षेत्रों में मेडिकल टीम
त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को सैंपलिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। वहीं संवेदनशील स्थानों पर चलित एंबुलेंस और चिकित्सा दल तैनात रखने की व्यवस्था की जाएगी। बैठक के अंत में अधिकारियों ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करेंगे। शांति समिति के सदस्यों की ओर से दिए गए सुझावों पर भी आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
ये भी पढ़े – सागर की शिक्षिका शालिनी जैन ने OTA ग्वालियर में 45 दिवसीय PRCN प्रशिक्षण किया पूरा, विद्यालय और जिले का बढ़ाया गौरव
- Sagar-peace-committee-meeting-festival-security-milad-un-nabi-raksha-bandhan









