
काठमांडू: नेपाल की भोटेकोशी नदी में आई भीषण फ्लैश फ्लड (अचानक आई बाढ़) से मरने वालों की संख्या बुधवार शाम तक बढ़कर 95 हो गई है। नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, इस भीषण प्राकृतिक आपदा से पूरे देश में भारी जनहानि के साथ-साथ बुनियादी ढांचे को व्यापक नुकसान पहुंचा है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में चलाए जा रहे बचाव अभियानों के दौरान शाम 7 बजे तक 95 शव बरामद किए जा चुके थे, जिनकी पहचान की प्रक्रिया जारी है। चीन के तिब्बती स्वायत्त क्षेत्र से शुरू हुई इस उफान पर आई नदी ने नेपाल के सीमावर्ती इलाकों में भारी तबाही मचाई है।
सुरक्षाकर्मियों सहित 484 पर्यटक और 60 कर्मचारी लापता
नेपाल सरकार द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, आपदा प्रभावित क्षेत्रों में तैनात नेपाल सेना के 44 जवान, नेपाल पुलिस के 28 कर्मी और सशस्त्र पुलिस बल (APF) के 13 जवान लापता हैं, जिनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। इसके अतिरिक्त हादसे में 391 विदेशी पर्यटक और 93 नेपाली पर्यटक अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। रसुवा क्षेत्र में विभिन्न जलविद्युत (हाइड्रोपावर) परियोजनाओं में कार्यरत लगभग 60 कर्मचारी संपर्क से बाहर हैं। वही रसुवागढ़ी कस्टम कार्यालय और इमिग्रेशन कार्यालय के कई कर्मचारी भी लापता लोगों में शामिल हैं।
परिवहन इंफ्रास्ट्रक्चर को भारी नुकसान
बुधवार सुबह आई इस तबाही ने क्षेत्र की बुनियादी कनेक्टिविटी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। सरकारी आकलन के अनुसार, अब तक 19 प्रमुख मोटर योग्य पुल बह चुके हैं या बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जबकि लगभग 40 किलोमीटर पक्की सड़कें पूरी तरह तबाह हो चुकी हैं। इससे राहत एवं बचाव कार्यों में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
रसुवा जिला सबसे ज्यादा प्रभावित, प्रशासन अलर्ट पर
प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, नेपाल-चीन सीमा पर स्थित रसुवा जिला इस आपदा की सबसे भारी चपेट में आया है। यहां कई सरकारी दफ्तर, सुरक्षा प्रतिष्ठान और जलविद्युत परियोजनाएं पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। प्रशासन ने सुबह 9 बजे ही भोटेकोशी नदी के तटीय क्षेत्रों में हाई अलर्ट जारी कर दिया था और नागरिकों से सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने व नदी तटों से दूर रहने की अपील की थी। फिलहाल नेपाल सेना, पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल के जवान स्थानीय एजेंसियों के साथ मिलकर प्रभावित इलाकों में व्यापक खोज, बचाव और राहत कार्यों में जुटे हुए हैं।
ये भी पढ़े – मुश्किल घड़ी में नेपाल के साथ भारत, राहत सामग्री लेकर रवाना हुआ वायुसेना का विमान
- nepal-bhotekoshi-flash-flood-95-dead-hundreds-missing-rescue-relief-operation










