
बड़वानी: सेंधवा विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत झोपाली के ग्राम घाघरखेड़ा के ग्रामीण मजदूरों ने मजदूरी का भुगतान नहीं मिलने की शिकायत लेकर कलेक्टर कार्यालय की जनसुनवाई में आवेदन दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि जल जीवन मिशन के तहत पानी की टंकी निर्माण का काम उनसे करवाया गया, लेकिन ठेकेदार मजदूरी का पैसा दिए बिना ही फरार हो गया और उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है।
ग्रामीण मजदूर नंदू ने बताया कि घाघरखेड़ा और निहाली गांव में पानी की टंकी निर्माण के लिए ग्रामीणों से करीब 600 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से काम करवाया गया था। मजदूरों का कहना है कि काम खत्म हुए करीब 111 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक उन्हें मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है। ठेकेदार पर करीब 60 हजार रुपए से अधिक की मजदूरी बकाया बताई जा रही है।
मजदूरों का आरोप है कि ठेकेदार बिना भुगतान किए ही यहां से भाग गया और अब उसका कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। मजदूरी का पैसा नहीं मिलने से ग्रामीण मजदूर और उनके परिवार मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान हो रहे हैं तथा रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इसी समस्या को लेकर ग्रामीण मजदूर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और जनसुनवाई में आवेदन देकर जिला प्रशासन से मजदूरी का भुगतान दिलाने की मांग की। मजदूरों का कहना है कि ठेकेदार ने मजदूरी के नाम पर उनके साथ छलावा किया है और अब प्रशासन से ही न्याय की उम्मीद है।
ये भी पढ़े – बड़वानी पुलिस की नई पहल: युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए “पुलिस खेल उत्सव” और “आपकी बात- पुलिस के साथ” अभियान
- barwani-district-workers-seek-collector-help-contractor-fraud










