
भिण्ड/रामपाल कुशवाह की रिपोर्ट: कलेक्ट्रेट कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर ने जिलेभर से पहुंचे आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जनसुनवाई में 167 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिन्हें संबंधित विभागों को भेजकर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत भिण्ड और अपर कलेक्टर ने भी आवेदकों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों और मांगों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
आवेदन पर तत्काल मिली ट्राइसाइकिल
जनसुनवाई में ऊमरी के वार्ड नंबर-03 स्थित खटीक मोहल्ला निवासी श्रीकृष्ण पुत्र श्री रामनाथ ने ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देश पर श्रीकृष्ण को जनसुनवाई के दौरान ही ट्राइसाइकिल उपलब्ध करा दी गई। तत्काल सहायता मिलने पर आवेदक ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
गंभीर बीमारी से लेकर जमीन विवाद तक के आवेदन
जनसुनवाई में गंभीर बीमारी के उपचार, विद्युत बिलों में सुधार, हैंडपंपों के संधारण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, सड़क दुर्घटना सहायता, हितग्राही मूलक योजनाओं, बीपीएल राशन कार्ड और जमीन पर कब्जे सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन पर प्राथमिकता के साथ कार्रवाई करने और निर्धारित समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आवेदकों को की गई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए भी कहा गया।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों को केवल औपचारिक रूप से संबंधित विभाग को भेजने के बजाय उनकी गंभीरता से समीक्षा की जाए और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ-साथ शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
ये भी पढ़े – एक्टिव युवा कुशवाहा महासभा की सभी कमेटियां तत्काल प्रभाव से भंग, संस्थापक राजेश सिंह कुशवाहा ने की घोषणा
- bhind-collector-public-hearing-167-applications-tricycle-shrikrishna-immediate-redressal










