
भोपाल/आदि मिश्रा की रिपोर्ट: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और पूरा परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों को नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की आजादी के संघर्ष और बलिदानों को याद करने के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को दोहराने का अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर आगे बढ़ रहा है और मध्यप्रदेश भी विकास के विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से प्रगति कर रहा है। डॉ. मोहन यादव ने लोकतंत्र को मजबूत बनाने में राजनीतिक दलों की भूमिका पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए राजनीतिक संगठनों को जनहित और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने भाजपा को राष्ट्र और जनसेवा के लिए समर्पित संगठन बताते हुए कहा कि पार्टी का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और देश की प्रगति के लिए निरंतर काम करना है। कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से राष्ट्रहित में समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। ध्वजारोहण के बाद सभी ने देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प लिया।
ये भी पढ़े – स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर तिरंगे के रंग में सजा भोपाल, रोशनी से जगमगाईं प्रमुख सरकारी इमारतें
- bhopal-bjp-office-cm-mohan-yadav-hoisted-tricolor-independence-day-hemant-khandelwal









