
भोपाल, 5 अक्टूबर 2026। राजधानी भोपाल के मिसरोद स्थित नवीन शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में सोमवार को छात्राओं ने एक महिला शिक्षिका के खिलाफ प्रदर्शन किया। छात्राओं ने शिक्षिका पर छुट्टी के दिन स्कूल बुलाकर काम कराने, प्रोजेक्ट के नाम पर पैसे मांगने और पढ़ाई को लेकर दबाव बनाने सहित कई आरोप लगाए। करीब चार घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद शिक्षा विभाग ने संबंधित शिक्षिका बबीता कुशवाह का दूसरे स्कूल में तबादला कर दिया और मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। शिक्षिका ने छात्राओं के सभी आरोपों को गलत बताया है।
छात्राओं ने लगाए गंभीर आरोप, पोस्टर लेकर किया प्रदर्शन
मिसरोद के नवीन हायर सेकेंडरी स्कूल में बड़ी संख्या में छात्राएं स्कूल के बाहर पहुंचीं और शिक्षिका के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान छात्राओं के हाथों में पोस्टर भी थे, जिनमें लिखा था- “ठंडी चाय गर्म करो, बबीता मैडम शर्म करो।” छात्राओं का आरोप है कि उनसे छुट्टी के दिनों में भी स्कूल का काम कराया जाता था।
छात्राओं ने दावा किया कि उन्हें रविवार या अन्य छुट्टी के दिन स्कूल बुलाकर सफाई, बेंच लगाने और परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं में काम कराया जाता था। कुछ छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि प्रोजेक्ट के नाम पर उनसे हर महीने करीब 2,500 रुपये मांगे जाते थे।
छात्राओं के मुताबिक, उन्होंने पहले स्कूल प्रबंधन के सामने भी अपनी शिकायत रखी थी। आरोप है कि विरोध करने या निर्देश नहीं मानने पर उन्हें परीक्षा में फेल करने की धमकी दी जाती थी। कुछ रिपोर्टों में छात्राओं की ओर से शिक्षिका पर सीनियर छात्रों के साथ मारपीट का आरोप लगाए जाने की बात भी सामने आई है। इन आरोपों की जांच अभी विभागीय स्तर पर होनी है।
यह भी पढ़े: भोपाल में 6 अक्टूबर को CM Youth Conclave, 20 हजार युवाओं से संवाद करेंगे मोहन यादव
चार घंटे चला प्रदर्शन, शिक्षिका का दूसरे स्कूल में तबादला
छात्राओं के प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। छात्रों और स्कूल प्रबंधन के बीच बातचीत कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया गया। करीब चार घंटे की बातचीत के बाद छात्राओं को कार्रवाई का भरोसा दिया गया, जिसके बाद उन्होंने प्रदर्शन समाप्त कर दिया और कक्षाओं में लौट गईं।
मामले में जिला शिक्षा अधिकारी अभिनव आर्य के अनुसार, संबंधित शिक्षिका का दूसरे स्कूल में तबादला कर दिया गया है। छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए नए फिजिक्स शिक्षक की व्यवस्था भी की गई है। विभाग ने छात्राओं द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच के निर्देश दिए हैं।
दूसरी ओर, शिक्षिका बबीता कुशवाह ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि वह लंबे समय से अध्यापन कार्य कर रही हैं और बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए छात्रों के साथ सख्ती बरतती हैं। उन्होंने पैसे मांगने, छात्रों से काम कराने और अन्य आरोपों को गलत बताया है।
अब विभागीय जांच में यह स्पष्ट होगा कि छात्राओं की शिकायतों में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाती है।
यह भी पढ़े: दिल्ली-NCR में महिलाओं की सुरक्षा पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, पूछा- अपराध रोकने के लिए पुलिस ने क्या किया
- bhopal-school-girls-protest-teacher-transfer








