
बुरहानपुर: शहर में प्रतिबंधित और अमानक पन्नी के इस्तेमाल एवं बिक्री के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में नगर निगम की टीम ने बस स्टैंड क्षेत्र स्थित मदीना होटल पर छापामार कार्रवाई करते हुए करीब 10 किलो अमानक पन्नी जब्त की। कार्रवाई के दौरान होटल संचालक पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
जानकारी के अनुसार, शहर में अवैध एवं अमानक पन्नी के उपयोग और बिक्री को लेकर नगर निगम को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सहायक आयुक्त स्वर्णिका वर्मा के नेतृत्व में टीम ने रात्रि करीब 9 बजे बस स्टैंड स्थित मदीना होटल पर कार्रवाई की।
10 किलो अमानक पन्नी बरामद
नगर निगम की टीम ने होटल की जांच के दौरान करीब 10 किलो अमानक एवं प्रतिबंधित पन्नी बरामद की। टीम ने पन्नी को जब्त करते हुए संबंधित होटल संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की और मौके पर 10 हजार रुपये का जुर्माना वसूला।
कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप
नगर निगम की अचानक हुई कार्रवाई के बाद बस स्टैंड क्षेत्र सहित शहर के अन्य होटल संचालकों और दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति देखी गई। नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित और अमानक पन्नी के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। नगर निगम की इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर में अमानक पन्नी के इस्तेमाल पर रोक लगाना और पर्यावरण एवं स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना है। अधिकारियों ने दुकानदारों और होटल संचालकों से प्रतिबंधित पन्नी का उपयोग नहीं करने की अपील की है।
ये भी पढ़े – बुरहानपुर के बलवाड़ा में कथित अवैध शराब का खेल, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग
- burhanpur-madina-hotel-municipal-corporation-action-10-kg-illegal-polythene-fined










