
दमोह: तेंदूखेड़ा वन परिक्षेत्र के जंगलों में नौरादेही वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र की एक बाघिन के पहुंचने से वन विभाग में हलचल मच गई है। शनिवार को बाघिन की मौजूदगी की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई और आसपास के गांवों में मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क किया गया।
बाघिन पहले सर्रा रेंज क्षेत्र में देखी गई थी, लेकिन अब यह तेंदूखेड़ा वन परिक्षेत्र के केवलारी और तिपनी बीट के जंगलों में पहुंच गई है। बताया जा रहा है कि करीब एक वर्ष पहले इस बाघिन को पेंच टाइगर रिजर्व से लाकर नौरादेही क्षेत्र में छोड़ा गया था। इससे पहले भी यह बाघिन तेंदूखेड़ा क्षेत्र में आ चुकी है और करीब 15 दिन तक रुकने के बाद वापस लौट गई थी।
ये भी पढ़े – बुरहानपुर में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध सलाई गोंद तस्करी का भंडाफोड़
वन विभाग के अनुसार बाघिन अब नौरादेही अभयारण्य के कोर एरिया से निकलकर बाहरी वन क्षेत्र में पहुंच गई है। इसे देखते हुए केवलारी, तिपनी और बगदरी के जंगलों में उसकी मौजूदगी की आशंका जताई जा रही है।तेंदूखेड़ा वन परिक्षेत्र अधिकारी श्रेयांश जैन ने बताया कि बाघिन की लोकेशन मिलने के बाद आसपास के ग्रामीणों को तुरंत सतर्क कर दिया गया है। वहीं ईश्वर जरांडे ने भी बाघिन की मौजूदगी की पुष्टि करते हुए कहा कि वन अमला लगातार निगरानी कर रहा है।
वन विभाग ने ग्रामीणों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए जंगल की ओर जाने से बचने, मवेशियों को जंगल में न छोड़ने और महुआ बीनने या अन्य कार्यों से जंगल में न जाने की अपील की है। साथ ही किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तुरंत वन विभाग को जानकारी देने और अफवाहों से बचने की सलाह दी गई है।
ये भी पढ़े – दमोह में सूने मकान में लाखों की चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
- damoh-forest-department-alert-tiger-sighting









