
दमोह: जिले के हटा थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक अविवाहित नाबालिग लड़की ने सिविल अस्पताल में एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया है। अस्पताल प्रबंधन की सतर्कता के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई है, जो अब पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर एक लड़की पेट दर्द की शिकायत लेकर हटा सिविल अस्पताल पहुंची थी। ड्यूटी डॉक्टर महिपाल चौधरी ने बताया कि जब उसे लेबर रूम भेजा गया, तब उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई। अस्पताल के स्टाफ ने उसका सुरक्षित प्रसव कराया। शुरुआती तौर पर परिजनों ने लड़की की उम्र 18 वर्ष दर्ज कराई थी, लेकिन जब उसके दस्तावेजों की जांच की गई, तो उसकी वास्तविक उम्र 17 वर्ष से कम पाई गई।
परिजनों द्वारा मामले को दबाने और जानकारी छिपाने की कोशिश की गई, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को सूचित कर दिया। फिलहाल, जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। पुलिस अब नाबालिग के बयान दर्ज करने की तैयारी में है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उसका यौन शोषण किसके द्वारा किया गया। पुलिस की जांच के बाद ही आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा।
ये भी पढ़े – दमोह में दरिंदगी: 3 साल के मासूम की हत्या कर भूसे के ढेर में फेंका शव, गांव में पसरा सन्नाटा
- damoh-hata-unmarried-minor-gives-birth-to-child-police-investigation-sexual-assault-case









