
दमोह: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दमोह जिले के हटा थाना परिसर में देशभक्ति का अनोखा नजारा देखने को मिला। यहां पदस्थ प्रधान आरक्षक भगवान दास दाहिया ने ऐतिहासिक बावड़ी में जल योग करते हुए अलग अंदाज में स्वतंत्रता दिवस मनाया। प्रधान आरक्षक भगवान दास दाहिया बावड़ी के पानी में उतरे और हाथों में तिरंगा और गदा थामकर योग की विभिन्न मुद्राएं कीं। जल योग के दौरान उन्होंने तिरंगे के माध्यम से राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का संदेश दिया। उनका यह अनोखा अंदाज वहां मौजूद लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा।
तिरंगे के साथ जल योग कर दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश
भगवान दास दाहिया ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को याद करने का अवसर है। उन्होंने बताया कि तिरंगे के साथ जल योग के माध्यम से देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना का संदेश देने का प्रयास किया गया।
सोशल मीडिया पर वीडियो और तस्वीरें वायरल
बावड़ी के पानी में तिरंगा और गदा लेकर जल योग करते प्रधान आरक्षक भगवान दास दाहिया की तस्वीरें और वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं। स्वतंत्रता दिवस पर पुलिसकर्मी का यह अनोखा अंदाज लोगों के बीच खासा आकर्षण का केंद्र रहा।
- damoh-hatta-police-constable-bhagwan-das-dahiya-water-yoga-tricolor-independence-day









