
बीना: स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर देशभर में जारी हाई अलर्ट के बीच बीना रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। यात्रियों की सुरक्षा और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए RPF और GRP ने संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया। आरपीएफ निरीक्षक कमल सिंह और जीआरपी थाना प्रभारी बी.वी.एस. परिहार के संयुक्त नेतृत्व में पुलिस टीमों ने स्टेशन परिसर के संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों की बारीकी से जांच की।
प्लेटफॉर्म से लेकर ट्रेनों तक हुई जांच
सुरक्षा टीमों ने स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज, सर्कुलेटिंग एरिया और मुसाफिरखाना सहित बुकिंग एवं पार्सल कार्यालय की जांच की। इसके अलावा प्लेटफॉर्म पर रुकने वाली ट्रेनों के डिब्बों में पहुंचकर यात्रियों और उनके सामान की भी जांच की गई। चेकिंग के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) का इस्तेमाल किया। संदिग्ध सामान और संवेदनशील स्थानों की विशेष रूप से जांच की गई।
सघन जांच में नहीं मिला कोई संदिग्ध सामान
लंबी गश्त और सघन जांच के बाद बीना रेलवे स्टेशन परिसर में कोई संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु नहीं मिली। जांच के दौरान स्थिति सामान्य पाए जाने पर सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली।
यात्रियों से सतर्क रहने की अपील
RPF, GRP और रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान सतर्क रहें। किसी भी स्थान पर लावारिस वस्तु, संदिग्ध व्यक्ति या असामान्य गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल रेलवे हेल्पलाइन, RPF, GRP या नजदीकी रेलवे कर्मचारी को सूचना दें।
ये भी पढ़े – सागर में झमाझम बारिश के बीच स्वतंत्रता दिवस का जश्न, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने PTS ग्राउंड में फहराया तिरंगा
- bina-railway-station-rpf-grp-security-checking-independence-day-alert









