
दमोह/ आकिब खान: दमोह रेलवे स्टेशन पर गुरुवार शाम बीना कटनी मेमू ट्रेन में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
यात्रियों की सूचना पर पहुंची पुलिस
जानकारी के अनुसार बीना से कटनी की ओर जा रही मेमू ट्रेन जब शाम करीब 4 बजे दमोह रेलवे स्टेशन पहुंची, तब यात्रियों ने ट्रेन में एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में बैठे देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कोच के अंदर सीट पर बैठे व्यक्ति को मृत अवस्था में पाया।
एम्बुलेंस नहीं मिलने पर मालवाहक से पहुंचाया अस्पताल
जीआरपी चौकी प्रभारी शेख जुम्मन ने बताया कि कंट्रोल रूम जबलपुर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ट्रेन में पहुंची। मृतक का शव सीट पर अकड़ी हुई अवस्था में मिला। रेलवे स्टेशन पर उस समय एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण शव को मालवाहक वाहन की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
पहचान के प्रयास जारी
पुलिस के अनुसार मृतक के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले हैं। उसकी पहचान के लिए फोटो के आधार पर प्रयास किए जा रहे हैं। शव को जिला अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया गया है। शुक्रवार को पंचनामा कार्रवाई और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़े: बड़ावदा पुलिस ने 36 घंटे में सुलझाया अंधा कत्ल: हत्या का आरोपी गिरफ्तार
- damoh-memu-train-unknown-body-found-grp-investigation









