
दतिया/ राजकुमार शर्मा: प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के व्यापक प्रचार प्रसार के लिए कृषि विभाग एवं भारतीय कृषि बीमा कंपनी की ओर से जिले में विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत किसान जागरूकता रथ को कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
गांव-गांव पहुंचकर किसानों को दी जाएगी जानकारी
अभियान के तहत जिले के सभी विकासखंडों, तहसीलों और ग्राम पंचायतों में जागरूकता रथ के माध्यम से किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लाभ, बीमा प्रक्रिया और आवेदन संबंधी जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा ऑडियो संदेश, पंपलेट और अन्य प्रचार सामग्री के जरिए भी किसानों को योजना से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
17 अगस्त तक बढ़ी बीमा कराने की अंतिम तिथि
कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने किसानों से अपील की कि प्राकृतिक आपदाओं और मौसम की अनिश्चितताओं से होने वाले नुकसान से बचाव के लिए वे अपनी अधिसूचित फसलों का समय पर बीमा अवश्य कराएं।
उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास ने बताया कि अधिक से अधिक किसानों को योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 से बढ़ाकर 17 अगस्त 2026 कर दी गई है।
केवल 2 प्रतिशत प्रीमियम देना होगा
योजना के तहत किसानों को केवल 2 प्रतिशत प्रीमियम का भुगतान करना होगा, जबकि शेष प्रीमियम राशि का वहन शासन द्वारा किया जाएगा।
ऋणी किसानों का प्रीमियम संबंधित बैंक के माध्यम से जमा होगा, जबकि अऋणी किसान कॉमन सर्विस सेंटर, बैंक शाखा या क्रॉप इंश्योरेंस ऐप के माध्यम से स्वयं अपनी अधिसूचित फसलों का बीमा करा सकते हैं। कृषि विभाग ने किसानों से बढ़ी हुई समय सीमा का लाभ उठाकर 17 अगस्त से पहले बीमा कराने की अपील की है।
यह भी पढ़े: बड़ावदा पुलिस ने 36 घंटे में सुलझाया अंधा कत्ल: हत्या का आरोपी गिरफ्तार
- datia-pm-fasal-bima-awareness-rath-last-date-17-august








