
टीकमगढ़।धर्मेंद्र सिंह लोधी | पत्रकार के साथ कथित मारपीट और लूट के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने का मुद्दा अब जिले की प्रभारी मंत्री तक पहुंच गया है। पीड़ित पत्रकार लोकेन्द्र सिंह परमार गुरुवार को साथी पत्रकारों के साथ भाजपा कार्यालय पहुंचे और प्रभारी मंत्री को आवेदन सौंपकर नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी तथा अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की।
मारपीट और लूट का मामला दर्ज
लोकेन्द्र सिंह परमार के अनुसार, 2 अगस्त 2026 की रात उनके साथ कथित मारपीट और लूट की घटना हुई थी। शिकायत के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने 3 अगस्त 2026 को अपराध क्रमांक 0471/2026 दर्ज किया। मामले में शिवम जड़िया, ऋषि जड़िया, साहिल हरदासानी सहित एक अन्य आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।
गिरफ्तारी नहीं होने और धमकियों का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद अब तक किसी भी नामजद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष के लोग उन पर समझौता (राजीनामा) करने का दबाव बना रहे हैं तथा इनकार करने पर जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं।
पत्रकारों ने निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की
पीड़ित के साथ पहुंचे पत्रकारों ने पुलिस से मामले में निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि यदि अपराध दर्ज हो चुका है तो आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
प्रभारी मंत्री को सौंपा आवेदन
आवेदन में पीड़ित ने दो प्रमुख मांगें रखीं:
- नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी कर वैधानिक कार्रवाई की जाए।
- कथित धमकियों को देखते हुए उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
यह भी पढ़े: सागर के गढ़ाकोटा मूंग खरीदी केंद्र पर अवैध वसूली के आरोप, किसानों ने सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन
- tikamgarh-journalist-seeks-action-over-assault-loot-case-and-threats








