
देवास/गौरव व्यास की रिपोर्ट: जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी पालन को सुनिश्चित करने के लिए देवास पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन में यातायात पुलिस ने पिछले 15 दिनों के दौरान ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में विशेष अभियान चलाकर कई वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की है।
थाना प्रभारी यातायात पवन कुमार बागड़ी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ड्रिंक एंड ड्राइव के कुल 17 प्रकरण तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किए। इनमें से 13 मामलों में न्यायालय ने वाहन चालकों पर कुल 1 लाख 56 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया तथा उन्हें न्यायालय उठने तक की सजा सुनाई। शेष चार प्रकरण अभी न्यायालय में विचाराधीन हैं। कार्रवाई के दौरान जिन वाहन चालकों के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं मिला, उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई। वहीं जिन चालकों के पास ड्राइविंग लाइसेंस था, उनके लाइसेंस निरस्त करने के लिए परिवहन विभाग को प्रतिवेदन भेजा गया है।
इसी अभियान के तहत शहर के ए.बी. रोड पर सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने क्रेन की सहायता से बाधक वाहनों को हटाया और संबंधित वाहन चालकों के चालान बनाए। इस कार्रवाई से प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने का प्रयास किया गया। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने नागरिकों से अपील की है कि नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें, क्योंकि इससे स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों का जीवन भी खतरे में पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
ये भी पढ़े – देवास नगर निगम के 8 नवनियुक्त एल्डरमैन ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ
- dewas-drink-and-drive-action-rs156-lakh-fine-traffic-police-campaign









