
सागर/ मनीष कुमार चौबे: जिले की गढ़ाकोटा थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत विवेचना शुरू
पुलिस के अनुसार, थाना गढ़ाकोटा में विवेकानंद वार्ड निवासी हल्ले पटैल की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपी भरत पटैल ने जान से मारने की नीयत से उनके पेट में चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शिकायत के आधार पर थाना गढ़ाकोटा में अपराध क्रमांक 541/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत विवेचना शुरू की गई।
मार्गदर्शन में आरोपी की गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अनुविभागीय अधिकारी रहली के मार्गदर्शन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने लगातार तलाश और मुखबिर तंत्र की सहायता से 28 जुलाई 2026 को आरोपी भरत पिता नन्हेभाई पटैल निवासी ग्राम मढ़िया खुर्द, थाना गढ़ाकोटा को गिरफ्तार कर लिया।
वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी न्यायालय में पेश
पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर विधिवत जब्त किया गया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
मामले की विवेचना जारी
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात पुरानी रंजिश के चलते हुई थी, जिसमें आरोपी ने फरियादी पर जानलेवा हमला किया था। मामले की विवेचना जारी है।
यह भी पढ़े: खजुराहो: ASI के दो अधिकारियों पर बिजली चोरी का आरोप, विद्युत विभाग की छापेमार कार्रवाई
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गढ़ाकोटा निरीक्षक गौरव सिंह तिवारी, उपनिरीक्षक राजाराम धुर्वे, प्रधान आरक्षक प्रमोद सोयाम तथा आरक्षक थिरवम और राजदीप तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
- garhakota-police-attempt-to-murder-accused-arrested-knife-recovered-sagar








